गोंडा। उच्चतम न्यायालय के आदेश पर शासन के कड़े रुख के बाद बुधवार को पूरे जिले में लाउडस्पीकर के खिलाफ अभियान चलाया गया। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर थाना प्रभारियों ने धार्मिक स्थलों पर लगे एक से अधिक लाउडस्पीकर को हटवाया। मस्जिदों के इमाम व मंदिरों के महंत एवं पुजारियों ने सीमित ध्वनि में ही लाउडस्पीकर बजाने की लोगों से अपील की। जनपद के 17 थाना क्षेत्रों के जिन मस्जिदों व मंदिरों पर अभी भी लाउडस्पीकर लगे हैं। उन्हें हटाने के लिए अभियान चलाया जाएगा।
लोगों को जरूरत से ज्यादा ध्वनि से होने वाली परेशानी से निजात दिलाने के लिए उच्चतम न्यायालय ने धार्मिक स्थलों पर जरूरत से ज्यादा लगे यानि एक से अधिक लाउडस्पीकर को हटाने के लिए प्रदेश सरकार को आदेश दिए थे। आदेश के अनुपालन में प्रदेश सरकार मस्जिदों व मंदिरों पर लगे एक से अधिक लाउडस्पीकर हटाने के निर्देश दिए थे। इसके बाद पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर जनपद के 17 थानों में मस्जिदों व मंदिरों की सूची तैयार कर एक से अधिक लाउडस्पीकर हटाने का बुधवार को अभियान चलाया गया। थानों की पुलिस ने मस्जिदों व मंदिरों पर पहुंचकर उनके इमाम व महंत एवं पुजारियों से बातचीत कर एक से अधिक लाउडस्पीकर उतरवा दिए। थाना प्रभारियों ने इमाम व महंत एवं पुजारियों से 75 डेसिबल तक ही लाउडस्पीकर बजाने को कहा है। आस-पास के लोगों को लाउडस्पीकर की ध्वनि से परेशानी न हो सके।
बुधवार के अभियान में बेलसर, रगड़गंज, उमरी बेगमगंज, मसकनवा, खालेगांव, टीकर, बेतवा, पिकौरा बुजुर्ग, चांदारत्ती, उजागरपुर, मझरेठी, मल्हीपुर, शीतलगंज ग्रांट, वीरपुर, हथियागढ़, पृथ्वीनाथ मंदिर, मौलागंज चौहट्टा मस्जिद, महराजगंज मस्जिद, परसा फरेंदा मस्जिद, तेंदुआ चौखड़िया, शिवमंदिर, पिपरा बाजार, मां दुर्गा मंदिर सहित 20 धार्मिक स्थानों से लाउडस्पीकर हटवाए गए हैं। गुरुवार को भी लाउडस्पीकर हटाने का अभियान चलाया जाएगा।