नवाबगंज (गोंडा)। नंदिनी नगर स्पोर्ट स्टेडियम में चार दिवसीय 36वीं राष्ट्रीय दिव्यांग क्रिकेट प्रतियोगिता का आयोजित किया गया। पहले दिन मेजबान उत्तर प्रदेश, बिहार, राजस्थान व बड़ौदा के बीच मैच खेला गया। इसमें उत्तर प्रदेश व राजस्थान ने जीत हासिल की। उद्घाटन कैसरगंज सांसद बृजभूषण शरण सिंह ने किया।
आयोजन सचिव एवं उत्तर प्रदेश टीम के कैप्टन मोहम्मद सावेज ने बताया कि मैच 12 ओवर का खेला गया। पहले मैच में राजस्थान ने 12 ओवर में 92 रन बनाये। आठ विकेट खोकर बड़ौदा की टीम 12 ओवर में 80 रन ही बना सकी। इस मैच में राजस्थान ने बड़ौदा को 12 रन से हराया। दूसरे मैच में उत्तर प्रदेश के कप्तान शावेज ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए नौ विकेट खोकर 88 रन बनाये। जिसके जवाब में बिहार की टीम 11 ओवर में 69 रन बनाकर आल आउट हो गयी। उत्तर प्रदेश को इस मैच में 19 रन से जीत मिली।
इस मौके पर उद्घाटन के बाद परिचय के दौरान सांसद को जब दिव्यांग खिलाड़ियों ने बताया कि दोनों प्रदेशों के 48 खिलाड़ियों में 18 खिलाड़ी दुर्घटना के चलते दिव्यांग हुए तो उन्होंने खिलाड़ियों की जीवटता व कर्मठता की मुक्त कंठ से सराहना की। उन्होंने अपने संबोधन मे बताया कि युवाओं के लिए ये खिलाड़ी एक नजीर हैं। पालिकाध्यक्ष डॉ. सत्येंद्र सिंह रणधीर पांडेय ने भी अपने विचार रखे। कार्यक्रम मे प्रमुख रूप से सुधीर यादव सतीश सिंह डॉ. रजनीश पांडेय, डॉ. बृजलाल सिंह, राजमणि पांडेय पूर्व क्रिकेट खिलाड़ी राजेश गुप्ता, राजेश कालरा उर्फ बूबू नकुल गुप्ता सहित तमाम लोग मौजूद रहे।