गोंडा। पावर काॅर्पोरेशन के कर्मचारियों को बीते चार वर्ष से ईपीएफ का भुगतान नहीं किया जा रहा। इसका तत्काल भुगतान कराया जाए। बिना ईपीएफ भुगतान किए चार वर्षों से फर्म के बिलों का भुगतान करने वाले अधिकारियों व कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाए।
इन मांगों के समर्थन में शुक्रवार को मुख्य अभियंता बिजली के कार्यालय पर भाकपा माले के कार्यकर्ता अनिश्चितकालीन धरने पर बैठे। इसके साथ विद्युत वितरण खंड प्रथम के पीछे बन रहे भवन के गुणवत्ता की जांच कराने, इटियाथोक उपकेंद्र पर तैनात अवर अभियंता की जांच कराकर कार्रवाई करने की मांग की गई।
कार्यकर्ताओं ने कहा इटियाथोक, बग्गीरोड, धानेपुर, बाबागंज में पोलों पर लगे कॉपर तारों को बिना एसडीओ की कमेटी व वीडियोग्राफी के उतारकर बेच दिया गया। इसकी जांच कराई जाए। विद्युत वितरण खंड तृतीय व चतुर्थ में मीटर रीडिंग बढ़ाकर बिल भेजी जाती है। यही नहीं, कर्मी वसूली का दबाव बनाते हैं। उपभोक्ताओं से सुविधाशुल्क लेकर काम किया जाता है। जिला प्रभारी जमान खान, राजीव कुमार, सदानंद गिरि, मुश्ताक अहमद सहित अन्य शामिल रहे।
पीड़ित परिवारों को दें पांच लाख मुआवजा
गोंडा। भाकपा माले के कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री को मांगपत्र भेजा है। इसमें संतकबीरनगर जिले के कर्री गांव में होली के दिन हुई घटना दोषी लोगों पर कार्रवाई की मांग की है। कहा कि दबंगों ने गरीब राजभर बिरादरी के लोगों की बस्ती पर हमला किया। महिलाओं, पुरुषों और बच्चों की पिटाई की गई। 21 घरों को जला दिया गया। कार्यकर्ताओं ने पीड़ितों को प्रधानमंत्री आवास दिए जाने, जमीन का पट्टा दिए जाने, प्रत्येक परिवार को पांच-पांच लाख रुपये का मुआवजा दिए जाने की मांग की।