गोंडा। जिला पंचायत राज अधिकारी लालजी दूबे ने सफाईकर्मी अनिल कुमार कुरील को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। यह कार्रवाई फर्जी मार्कशीट से नौकरी पाने और उच्चाधिकारियों के आदेशों की अवहेलना के आरोपों में की गई है।
उन्होंने बताया कि अपर जिला पंचायत राज अधिकारी के पत्र के आधार पर यह आदेश जारी किया गया है। आरके कुरील ने अनिल कुमार कुरील के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई थी। अनिल पर आरोप है कि उन्होंने हाईस्कूल की परीक्षा अनुत्तीर्ण होने के बावजूद फर्जी मार्कशीट बनवाई।
उन्होंने मांगे गए स्पष्टीकरण का भी कोई जवाब नहीं दिया। निलंबन अवधि में उन्हें जीवन निर्वाह भत्ता दिया जाएगा। सहायक विकास अधिकारी पंचायत परसपुर को जांच अधिकारी नियुक्त किया गया है। जांच अधिकारी को एक पक्ष के भीतर अपनी रिपोर्ट सौंपनी होगी।