तरबगंज। रामापुर में बृहस्पतिवार शाम बाधित बिजली आपूर्ति बहाल करने के लिए खंभे पर चढ़ा निजी कर्मचारी गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया। खजुरी निवासी संजय (30) को पहले गोंडा और अयोध्या के बाद मेडिकल कॉलेज लखनऊ रेफर कर दिया गया।
घायल की मां संवारी देवी ने बताया कि संजय दस वर्षों से बिजली विभाग में काम कर रहा है। वह खंभे पर चढ़ा था, तभी करंट की चपेट में आकर नीचे गिर गया। सीएचसी के डॉ. निकेश सिंह ने भी करंट लगने से गिरने की बात कही है। वहीं, बिजली निगम के एसडीओ मुकेश कुमार ने बताया कि भीषण गर्मी में हीट स्ट्रोक के कारण कर्मचारी गिरा है। ठेकेदार के जरिये उसे बुलाया गया था और घटना के समय बिजली की सप्लाई लाइन में आपूर्ति बंद थी। विभाग की तरफ से कर्मचारी के इलाज में हर संभव सहयोग किया जाएगा। क्षेत्र में नियमित कर्मचारियों की कमी के कारण बिजली आपूर्ति सुधारने का जिम्मा अक्सर प्राइवेट कर्मी ही उठाते हैं, लेकिन कोई हादसा होने पर जिम्मेदार उन्हें अनधिकृत बताकर जिम्मेदारी से मुकर जाते हैं।
पूर्व में भी क्षेत्र में हो चुके हैं हादसे
- 26 अक्तूबर 2025 को काशीपुर के बांसपुरवा निवासी बलवंत (19) की बौरिहा में खंभे पर काम करते समय करंट से मौत हो गई थी। तत्कालीन एसडीओ ने उसे विभागीय कर्मी मानने से इन्कार कर दिया था।
- 25 जुलाई 2024 को परास पट्टी पुरवार के कंचनतारा निवासी महेश (25) की बहादुरपुर में खंभे पर काम करते समय झुलसकर मौत हो गई थी। तब लाइनमैन ने बिना शटडाउन लिए जबरन काम करने का आरोप लगाया था।