गोंडा। मेडिकल की पढ़ाई करने गए जिले के 11 छात्र यूक्रेन के विभिन्न शहरों में फंसे हैं। छात्र-छात्राओं के परिवार के लोग लगातार संपर्क कर रहे हैं। यूक्रेन में फंसे छात्र-छात्राएं भारतीय दूतावास के संपर्क में हैं। इन छात्रों को शरणार्थी शिविर में रखा गया है। छपिया थाना क्षेत्र के एक छात्र के सुरक्षित घर पहुंचने के बाद इटियाथोक के मध्यनगर निवासी आकाश सिंह भी बुधवार को देश में प्रवेश कर चुके हैं। बाकी छात्रों की मुसीबतें कम होने का नाम नहीं ले रही हैं।
जैसे-जैसे समय बीत रहा है वैसे वैसे परिजनों में हताशा बढ़ रही है। उनके बच्चे नेटवर्क से बाहर हो जाते हैं तो मां-बाप का कलेजा बैठने लगता है। परिजन सरकार से बच्चों को वापस लाने की मांग कर रहे हैं। परिवार के लोग एक तरफ सरकार की मदद पर पूरी नजर बनाए हैं, वहीं दूसरी ओर छात्र-छात्राओं के हाल को लेकर चिंतित हैं। जिले के जनप्रतिनिध गृह मंत्रालय तथा विदेश मंत्रालय को चिट्ठी लिखकर छात्रों की सुरक्षित वापसी की मांग कर रहे हैं।
यूक्रेन में अभी भी फंसे जिले के 11 छात्र
- जिले के 11 छात्र अभी भी यूक्रेन के विभिन्न स्थानों पर फंसे हैं। तरबगंज रोड राजेंद्रनगर निवासी अशोक कुमार सोनी की पुत्री आरती सोनी, पंतनगर निवासी गिरजेश यादव के बेटे नितेश यादव, आवास विकास कालोनी निवासी राघवेंद्र प्रताप सिंह के बेटे विश्वमोहन सिंह, बड़गांव के मुड़ेरवा कला निवासी विजय त्रिवेदी के पुत्र अरुण त्रिवेदी, खोरहंसा के खिराभा गांव निवासी सलाहुद्दीन के पुत्र मैनुद्दीन, खरगूपुर के रस्तोगी मुहल्ला निवासी विजय कुमार सोनी की बेटी शालू सोनी तथा बेटा प्रशांत कुमार सोनी शामिल हैं। विशुनपुर बैरिया निवासी शीश खां के बेटे मो. नफीस खां, नवाबगंज गिर्द के शैलेश गुप्ता के बेटे शिखर गुप्ता, करनैलगंज के गांधी बाजार निवासी रमेेश गुप्ता के पुत्र सुयश गुप्ता परसपुर पूरे बलदेव पंडित निवासी तेज प्रकाश पांडेय के बेटे प्रभाकर पांडेय यूक्रेन के विभिन्न स्थानों पर फंसे हैं।
जैनुद्दीन के घर पहुंचे विधायक
क्षेत्रीय विधायक प्रभात वर्मा ने बुधवार को छपिया के उजागरपुर रेहरवा गांव पहुंचकर परिवार वालों से मुलाकात की और कुशलक्षेम पूछा। विधायक ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश का हर एक नागरिक सुरक्षित है, जहां यूक्रेन में फंसे दुनियाभर के नागरिक असुरक्षित महसूस कर रहे हैं, वहीं भारतीयों को पूर्ण सुरक्षित वतन वापस लाया जा रहा है। छात्र जैनुद्दीन के सकुशल वापसी से परिवार में हर्ष का माहौल है। विधायक के साथ इंद्र बहादुर वर्मा, डॉ. ओम प्रकाश वर्मा, विक्रम प्रसाद वर्मा, अनिल वर्मा, महेश यादव, राम सुभावन वर्मा, पूरन चंद्र गुप्ता, संतोष पांडेय, अब्दुल सलाम मौजूद रहे।