गोंडा। यूक्रेन और रूस में छिड़ी जंग के बीच जिले के दो एमबीबीएस के छात्र फंस गए हैं। दोनों छात्र यूक्रेन में रहकर मेडिकल की पढ़ाई कर रहे हैं। धानेपुर के निवासी आकाश सिंह के वतन लौटने की राह आसान हो गई है। उनके पिता ने बताया कि रविवार को आकाश फ्लाइट में सवार होगा। दूसरे छात्र सुयश के पिता ने बताया कि उनका बेटा बंकर में छुपकर किसी तरह से दिन काट रहा है।
इटियाथोक थाना क्षेत्र के मध्यनगर गांव के रहने वाले सूर्य प्रताप सिंह ने बताया कि उनका बेटा आकाश सिंह यूक्रेन की नेशनल यूनिवर्सिटी में एमबीबीएस का छात्र है। रूस व यूक्रेन के बीच युद्ध शुरू होने पर उन्हें बेटे की चिंता हुई। उन्होंने जिलाधिकारी को पत्र लिखकर बेटे के स्वदेश वापसी की मांग की। सूर्य प्रताप के मुताबिक, डीएम ने मामले को गंभीरता से लेते हुए उनके आवेदन को विदेश मंत्रालय भेज दिया। विदेश मंत्रालय के प्रयास से आकाश रविवार को यूक्रेन से निकल लेगा। उसकी फ्लाइट रविवार को है।
वहीं, कर्नलगंज नगर निवासी रमेश कुमार गुप्ता का पुत्र सुयश गुप्ता यूक्रेन में एमबीबीएस की पढ़ाई कर रहा है। चार साल पहले यूक्रेन गया था। यूक्रेन की राजधानी कीव से छह किलोमीटर दूर अपार्टमेंट में रहता है। रमेश ने बताया कि सुयश से चार-पांच घंटे में एक बार करते हैं और उसका हाल जानते हैं। रमेश के मुताबिक, सुयश ने बताया कि साथ में तीन लोग पहले से थे। तीन लोग और आ गए हैं। वह सभी एक साथ रहते हैं। हमले की सूचना मिलती है तो वह लोग बंकर में छिप जाते हैं। फिर अपार्टमेंट में चले जाते हैं। उन्होंने बताया कि कीव शहर में मार्शल ला लगा हुआ है। परिवार के लोग सुयश के सकुशल वापसी की कामना कर रहे हैं।