गोंडा। पुरानी पेंशन बहाली समेत विभिन्न मांगों को लेकर चल रही बैंक कर्मियों, डाक कर्मियों सहित अन्य संगठनों की हड़ताल मंगलवार को दूसरे दिन भी जारी रही। दो दिन बैंक बंद होने से ग्राहकों को परेशान हो पड़ा। नकदी के लिए एटीएम का सहारा मिला। बस स्टेशन के समीप स्थित इंडियन बैंक के मंडलीय कार्यालय पर कर्मियों ने प्रदर्शन के साथ नारेबाजी की। कर्मचारियों ने मांग किया कि बैंकों का निजीकरण बंद किया जाए। पांच दिन का कार्य दिवस लागू किया जाए, चाइल्ड केयर लीव शुरू की जाए, एनपीएस बंद की जाए, पुरानी पेंशन बहाल की जाए, नई भर्तियां की जाएं। कर्मचारियों ने नारेबाजी करके प्रदर्शन किया। मंगलवार की सुबह प्रधान डाकघर में भी कर्मचारी जुट गए। कर्मचारियों ने प्रदर्शन कर जुलूस निकाला। वहीं एलडीएम अभिषेक रघुवंशी ने बताया कि दो दिनों की हड़ताल से 250 करोड़ का लेनदेन प्रभावित हुआ है।
केंद्रीय ट्रेड यूनियनों व कर्मचारियों के संयुक्त आह्वान पर केंद्र सरकार की श्रम विरोधी जन विरोधी नीतियों के खिलाफ दो दिवसीय अखिल भारतीय हड़ताल के दूसरे दिन मंगलवार को किसान मजदूर संघर्ष समन्वय समिति ने गांधी पार्क गोंडा में यूपीएमएसआरए, बिजली कर्मचारी संघ, आंगनबाड़ी आशा रसोइया कर्मचारी यूनियन, पोस्टल इंपलाईज यूनियन, लोक निर्माण, जीवन बीमा, रेलवे ठेका मजदूर यूनियन, भवन निर्माण यूनियन, सीआईटीयू, एटक , इंटक, एचएमएस के कर्मचारियों के साथी रैली निकाली। केंद्र व राज्य सरकार की मजदूर विरोधी नीतियों के खिलाफ नारे लगाते हुए उप श्रमायुक्त कार्यालय देवीपाटन मंडल पहुंचे। धरना प्रदर्शन कर जनसभा का आयोजन किया गया। जनसभा की अध्यक्षता सत्य नारायण तिवारी, मीनाक्षी खरे, अमेरिका यादव, इंदू सिंह, सत्य प्रकाश पांडेय, संतोष शुक्ला, राम कृपाल यादव की कमेटी ने की। संचालन कामरेड दिलीप शुक्ला ने किया।
सीआईटीयू राज्य कमेटी सदस्य कामरेड कौशलेंद्र पांडेय ने कहा कि केंद्र सरकार को जनता और मजदूरों के हित में चारो लेबर कोड व रक्षा आवश्यक सेवा अधिनियम को रद्द करना चाहिए तथा बिजली संशोधन बिल-2021 को खत्म करने की बात कही। कामरेड इंदू सिंह ने कहा कि आशा रसोइया आंगनबाड़ी कर्मचारियों को राज्य कर्मचारी का दर्जा दिया जाए। यूपीएमएसआरए के रवींद्र सिंह व रोबी गांगुली ने कहा कि दवाओं के दामों बढ़ोत्तरी होने से जनता की परेशानी बढ़ेगी। सभा को संजीव पांडेय, राज कुमार मिश्रा, ईश्वर शरण शुक्ल, आद्या तिवारी आदि ने संबोधित किया। 13 सूत्री मांग पत्र श्रम प्रवर्तन अधिकारी योगेश दीक्षित को सौंपा गया। धरने में संतोष शुक्ला, विनीत तिवारी, विनय तिवारी, कौशलेंद्र शुक्ला, अंबरीश पांडेय, मनोज त्रिपाठी, रानीदेवी पाल, निर्मला तिवारी स्वामीनाथ, प्रेमा देवी, गौरीशंकर, रामरंग चौबे आदि उपस्थित रहे।
एलआईसी कर्मियों ने किया विरोध प्रदर्शन
भारतीय जीवन बीमा निगम के मुख्य कार्यालय पर कर्मचारियों ने विरोध प्रदर्शन किया। कर्मचारी संघ के अध्यक्ष राम नरेश शुक्ला के नेतृत्व में नारेबाजी की। कहा कि वर्तमान केंद्र सरकार उद्योगपतियों के ख्याल में जुटी रहती है, लेकिन मजदूरों का शोषण किया जा रहा है। महासचिव सुशील कुमार तिवारी, दिलीप कुमार श्रीवास्तव, विजय वर्मा, काशी प्रसाद शुक्ला, डीपी तिवारी, अभिषेक त्रिपाठी, मानस मिश्रा, अरुण कुमार दुबे, शोभित मयंक, गणेश शुक्ला, सुनील मिश्रा, नितिन गोयल आदि मौजूद रहे।