मनकापुर (गोंडा)। चीनी मिल कॉलोनी में केमिस्ट के आवास पर हुई चोरी का कोतवाली पुलिस ने खुलासा कर दिया है। चोरी के माल को बरामद कर तीन लोगों को गिरफ्तार किया है।
मनकापुर चीनी मिल के आवासीय परिसर में कुछ दिन पहले चीनी मिल में केमिस्ट के पद पर तैनात अशोक श्रीवास्तव जब छुट्टी लेकर घर गए थे, उसी दौरान चोरों ने उनके आवास का ताला तोड़कर वहां रखी नकदी, जेवरात व लैपटॉप पर हाथ साफ कर दिया था। इस मामले में चीनी मिल प्रशासन ने अज्ञात चोरों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई थी।
कोतवाल संजय कुमार गुप्ता, एसएसआई राजेश कुमार पांडेय, एसआई वीरबल गुरुवार को क्षेत्र भ्रमण पर थे। मुखबिर से सूचना मिली कि दो व्यक्ति अंधियारी बाजार में सोने की अंगूठी बेचने आए हैं। पुलिस ने तत्काल मौके पर पहुंचकर दोनों को पकड़ लिया। तलाशी में सोने की दो अंगूठी, दो एटीएम कार्ड तथा झोले से लैपटॉप व चार्जर बरामद हुआ। पूछताछ करने पर आरोपियों ने अपना नाम सुमित पांडेय व कृष्ण कुमार यादव निवासी मरौचा मनकापुर बताया।
पुलिस ने कड़ाई के साथ पूछताछ की तो पता चला कि चोरी के कुछ जेवरात व सामान नवाबगंज के बल्लीपुर अकबरपुर निवासी रजनीश तिवारी के हाथ बेच दिया है। पुलिस टीम रजनीश की तलाश में गई तो कोल्हमपुर के पास वह मिल गया। पुलिस ने दो सोने की अंगूठी, दो एटीएम कार्ड, एक लैपटॉप, एक चार्जर व 2700 रुपये बरामद किया है।