गोंडा के बेलसर में आयोजित सम्मेलन में सांसद बृजभूषण को गदा भेंट करते कार्यकर्ता।
- फोटो : GONDA
गोंडा। सांसद कैसरगंज बृजभूषण शरण सिंह के जन्म दिन की अग्रिम बधाई का कार्यक्रम बेलसर के थान पुरवा में आयोजित किया गया। इस मौके पर सांसद ने तीन सौ यूनिट फ्री बिजली देने के दावे पर सपा को जमकर घेरा।
उन्होंने कहा कि सपा तीन सौ यूनिट बिजली फ्री देने की बात कह रही है लेकिन उनकी सरकार के कार्यकाल में तो सिर्फ चार जिलों में ही 24 घंटे मिल पाती थी बाकी जिलों में 24 घंटे बिजली मिलना सपना होता था। जबकि भाजपा के पूरे कार्यकाल में शहर से लेकर गांवों तक सबको बिजली मिल रही है।
कैसरगंज सांसद ने कहा कि देश को सुरक्षित बचाना है तो अपना इतिहास पढ़ते रहना चाहिए। इतिहास में गौर करने पर पता चलता है कि मोदी के कार्यकाल के बतौर देश में स्वर्णिम समय चल रहा है। पूर्ववर्ती सरकार में सेना को गोली चलाने की छूट नहीं थी, इसीलिए सैनिक मारे जाते थे। वर्तमान में सेना को खुली छूट है। इसलिए सेना का मनोबल ऊंचा है।
भाजपा के पूर्व जिला अध्यक्ष इकबाल बहादुर तिवारी ने कहा कि भाजपा सांसद ने कई ऐसी कल्याणकारी योजनाओं को जिले में लागू कराया जिसका फायदा हजारों लोगों को मिल रहा है। ब्लॉक प्रमुख बेलसर राजेंद्र प्रताप सिंह उर्फ गुड्डू सिंह ने कहा कि खेल प्रतिभाओं को निखारने के लिए भी सांसद के स्तर से काफी सराहनीय प्रयास हुआ है।