पंचायत चुनाव में मतगणना के बाद रविवार को हर तरफ गांव की सरकार का परचम लहराने लगा। गांव की सरकार बनाने को लेकर हुई मतगणना के बाद आये हार-जीत के फैसले से कहीं जीत का जश्न मना तो कहीं गम का माहौल रहा। मतगणना का परिणाम सुबह 9 बजे से आना शुरू हो गया था।
जीत की खुशी में मिठाइयां बांटने के साथ विजयी जुलूस निकालकर उम्मीदवारों के समर्थकों ने खूब अबीर गुलाल उड़ा कर खुशी का इजहार किया।
वहीं जिन लोगों को हार का सामना करना पड़ा, उनके लोगों के खेमे में निराशा रही। रविवार को मिठाई व फूलों की दुकानों पर लोगों की भीड़ रही।
कई ग्राम पंचायतों में महिला उम्मीदवार विजयी घोषित हुईं। इसमें कई उम्मीदवार नई नवेली दुल्हनें भी थीं। जिनके घर वालों ने उन्हें प्रधानी के चुनाव में उतारा था।
ऐसे में कई महिला उम्मीदवारों ने प्रधान का पद जीतने के बाद अपने परिजनों के साथ आरओ से जीत का प्रमाण पत्र लिया। प्रमाणपत्र पाने के बाद जीत की खुशी उनके घूंघट में होने के बावजूद भी छलक रही थी। आखिर खुशी का अहसास क्यों न हो, गांव की प्रथम नागरिक होने का तमगा जो मिला था।
मतगणना का परिणाम आते ही प्रधान जी हाईटेक हो गए। मतदान स्थल पर आरओ से प्रमाण पत्र लेने के बाद बाहर निकल कर समर्थकों के बीच पहुंच प्रधानों को उनके समर्थकों ने फूल माला पहना कर उनका स्वागत किया।
इसके बाद सेल्फी लेने व फोटो लेने का दौर शुरू हो गया। इसके बाद लोगों ने प्रधानों की विजयी मुद्रा वाली फोटो को व्हाटसएप व फेसबुक पर अपलोड कर दिया।