बेलसर। विकासखंड की 48 ग्राम पंचायतों में 82 सफाई कर्मचारियों की तैनाती में बड़ा खेल किया गया है। ब्लॉक की कई बड़ी ग्राम पंचायतों में वर्षों से एक भी सफाई कर्मचारी तैनात नहीं है, जबकि अनेक छोटी ग्राम पंचायतों में दो-दो सफाईकर्मी कार्यरत हैं। इस अनियमित तैनाती से स्वच्छता अभियान को धक्का लग रहा है।
प्रधान रंजना सिंह ने बताया कि करीब 10 हजार की आबादी वाली उनकी ग्राम पंचायत उमरी बेगमगंज में बीते एक वर्ष से सफाई कर्मचारी की तैनाती नहीं है। इसी प्रकार तीन हजार से अधिक आबादी वाली ग्राम पंचायत सेमरी कला में भी सफाईकर्मी तैनात नहीं है।
सिंहपुर के प्रधान रामकुमार शुक्ल ने बताया कि उनके डीहा गांव में तीन माह से तथा राजस्व ग्राम कुरहा में एक वर्ष से किसी सफाई कर्मचारी की तैनाती नहीं है। चार हजार की आबादी वाले आदमपुर और पांच हजार से अधिक की आबादी वाले डिडिसिया कला में भी सफाईकर्मी तैनात नहीं हैं। पकड़ी के प्रधान विवेक सिंह ने बताया कि उनके यहां पीएचसी, आयुर्वेदिक चिकित्सालय, पांच विद्यालय और आरआरसी केंद्र हैं। इसके बावजूद बीते तीन वर्ष से सफाई कर्मचारी की तैनाती नहीं है।
इसके विपरीत, एक हजार से कम आबादी वाले हरखापुर में राजेंद्र कुमार व श्रीप्रकाश, नगदही में जयप्रकाश व ब्रह्मानंद तथा पूरे मोहन में आरती एवं सरिता की तैनाती है। दो हजार से कम आबादी वाले खड़ौरा में सुदीप कुमार व कविता, महादेवा में रघुनाथ व कर्मचंद, बदलेपुर में शब्बीर व लैस बिहारी, इस्माइलपुर में गरिमा व दिलीप कुमार तथा धनईपट्टी में सतीश चंद्र व रोहणी की तैनाती की गई है।
वहीं, 11 हजार से अधिक आबादी वाले सोनौली मोहम्मदपुर में अमरेश कुमार, साढ़े नौ हजार की आबादी वाले बरौली में कुंवर बहादुर तथा करीब छह हजार की आबादी वाले ऐली परसौली में धर्मपाल सिंह की तैनाती है।
इस संबंध में एडीओ पंचायत रवि प्रकाश मिश्र ने बताया कि यद्यपि सफाई कर्मचारियों की तैनाती जिले से होती है, तथापि यदि कहीं कोई त्रुटिपूर्ण तैनाती है तो उसे दिखवाया जाएगा। (संवाद)