गोंडा। जिले में संचालित कोचिंग संस्थानों व छात्रावासों में मानसिक स्वास्थ्य, सुरक्षा व स्वच्छता पर विशेष ध्यान देने के लिए जिलाधिकारी प्रियंका निरंजन की अध्यक्षता में मंगलवार को जिला स्तरीय समिति की बैठक आयोजित हुई। बैठक में निर्देश दिए कि सभी कोचिंग संस्थान अपने पंजीकरण प्रमाणपत्र की छायाप्रति एक सप्ताह के भीतर जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय में जमा कराएं। बिना पंजीकरण के संचालित कोचिंग पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि छात्रावासों व आवासीय परिसरों में अग्नि सुरक्षा, स्वच्छता व दिव्यांगजन हितैषी सुविधाओं का पूरा ध्यान रखा जाएगा। इसके साथ ही राष्ट्रीय आत्महत्या हेल्पलाइन 14416 व 1800 591 4416 का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए। डीएम ने समिति के सदस्यों को निर्देश किया कि छात्र सुरक्षा, मानसिक स्वास्थ्य और सुरक्षित वातावरण सुनिश्चित करने के सभी पहलुओं पर पूर्ण निगरानी रखी जाए।