गोंडा। सिस्टम की डग्गेमारी को लेकर अमर उजाला की मुहिम का बड़ा असर हुआ है। डीएम नेहा शर्मा के निर्देश पर बृहस्पतिवार को पुलिस-प्रशासन की टीम सड़क पर उतरी। टीम ने गुरुनानक चौक पर सवारियां बैठा रहे छह वाहनों को सीज किया है।
दरअसल, शहर के चौक-चौराहों को ट्रैवल एजेंसियों के साथ ही वाहन संचालकों ने मनमानी का अड्डा बना लिया। अमर उजाला ने सिस्टम की डग्गेमारी पर अभियान चलाया। इस पर प्रशासन ने परिवहन विभाग के अफसरों को तलब कर कार्रवाई का फरमान सुनाया।
एआरटीओ आरसी भारतीय ने बताया कि वाहनों का अवैध संचालन रोकने के लिए बृहस्पतिवार को पीटीओ, कोतवाली नगर व यातायात पुलिस के साथ गुरुनानक चौक व बस स्टेशन के समीप अभियान चलाया गया। इस दौरान गुरुनानक चौक पर तीन अर्टिगा गाड़ियां सवारियां बैठाती मिलीं। जिन्हें एमवी एक्ट में सीज कर दिया गया। प्रभारी कोतवाल सभाजीत सिंह ने बताया कि गुरुनानक चौक पर ही सवारियां बैठा रही एक वैगन आर व दो अर्टिगा गाड़ियों को भी सवारियां बैठाते पकड़ा गया। इन तीनों वाहनों को भी सीज किया गया है। सात दिन तक लगातार अभियान चलता रहेगा।