गोंडा। जिला पंचायत अध्यक्ष केतकी सिंह की अध्यक्षता में जिला पंचायत सभागार में शनिवार को जिला पंचायत की बैठक का आयोजन हुआ। इसमें सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी तथा विकासपरक योजनाओं की विभाग वार समीक्षा की गई और नवनिर्वाचित जिला पंचायत सदस्यों को अध्यक्ष व सीडीओ शपथ भी दिलाई गई। जिला पंचायत अध्यक्ष ने सभी विभागीय अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए हैं कि सरकार की योजनाएं पात्रों तक पारदर्शी तरीके से व समय से पहुंचाई जाएं तथा अधिकारी इसमें व्यक्तिगत रूचि लेकर काम करें। वहीं सरकार की योजनाओं को त्वरित रूप से जनप्रतिनिधियों तक पहुंचाने व व्यापक प्रचार-प्रसार के लिए जिले स्तर पर अधिकारियों व जनप्रतिनिधियों का एक व्हाट्सएप ग्रुप बनाया जाएगा जिस पर सूचनाएं अपडेट की जाएगी।
बैठक में सबसे पहले समाज कल्याण विभाग द्वारा संचालित पेन्शन योजनाओं की समीक्षा की गई जिसमें अध्यक्ष द्वारा वृद्धावस्था पेंशन के लंबित आवेदनों को 15 दिनों के अन्दर निस्तारित कराकर हर पात्र को पेंशन योजना का लाभ दिए जाने क निर्देश दिए गए। ब्लाकों पर बीडीओ के स्तर पर लम्बित आवेदनों के लिए संबन्धित बीडीओ की जिम्मेदारी तय करने के निर्देश दिए गए। प्रधानमंत्री सड़क योजना की समीक्षा हुई तो जिले की 33 प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के अनुरक्षण का जिम्मा संभालने वाले ग्रामीण अभियंत्रण विभाग निशाने पर रहा। आर्यनगर- पृथ्वीनाथ मन्दिर की सड़क की दुर्दशा पर एक्सईएन आरईएस को चेतावनी कड़ी फटकार लगाते हुए ठेकेइार की फर्म को ब्लैकलिस्ट करने तथा एक सप्ताह के अन्दर सड़क को ठीक कराने के निर्देश दिए गए।
स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा में सोनबसरा गांव में लोगों के बीमार होने की घटना की रिपोर्ट विधायक सदर ने सीएमओ से मांगी है। बरसात के दृष्टिगत संचारी रोगों से बचाव व टीकाकरण तथा फागिंग कराने के निर्देश भी दिए गए है। शिक्षा विभाग की समीक्षा में अध्यक्ष ने बीएसए को सख्त निर्देश दिए कि वे यह सुनिश्चित करें कि सभी प्राथमिक व उच्च प्राथमिक विद्यालयों में बच्चों को दिए जाने वाले ड्रेस वितरण में गुणवत्ता का कतई ध्यान रखा जाए तथा कहीं सुविधाशुल्क की शिकायत मिलने पर जिम्मेदार खण्ड शिक्षा अधिकारी व अध्यापक के खिलाफ कठोर कार्यवाही की जाए।
इसके अलावा सभी स्कूलों में समय से पाठ्य पुस्तकें भी वितरित करा दी जाएं। पंचायतीराज विभाग की समीक्षा में जिले की ऐसी ग्राम पंचायतें जहां पर शौचालय निर्माण के लिए जारी की गई धनराशि दस लाख या उससे अधिक डम्प पड़ी हुई उनकी सूची उन्हें उपलब्ध कराई तथा डीपीआरओ को निर्देश दिए कि वे डंप धनराशि के समुचित व्यय का जल्द से जल्द प्लान बनाकर काम तत्काल शुरू करा दें। भारत सरकार द्वारा किसानों के लिए संचालित किसान सम्मान निधि की समीक्षा में निर्देश दिए गए कि छूटे हुए किसानों से आवेदन लेकर उन्हें भारत सरकार की इस महत्वाकांक्षी योजना से आच्छादित किया जाय। उपनिदेशक कृषि मुकुल तिवारी ने बताया कि अभी किसान सम्मान निधि के लिए किसानों का पंजीकरण किया जा रहा है। आवास की समीक्षा में पीडी सेवाराम चाौधरी ने बताया कि जिले में लक्षित 10853 आवास के सापेक्ष 10466 आवास पूर्ण हो चुके हैं तथा छूटे हुए पात्रों को सूचीबद्ध करने के लिए सर्वे का काम चल रहा है। विधायक कटरा बावन सिंह ने शिकायत किया कि हलधरमऊ की ग्राम पंचायत कुंवरपुर में नरेगा मजदूरों का पैसा प्रधान व सेक्रेटरी द्वारा मिलकर निकाल लिया गया है। सीडीओ ने डीसी मनरेगा को जांच कर एक सप्ताह में रिपोर्ट देने के निर्देश दिए हैं।
एक्सईएन नलकूप को चेतावनी दी गई कि वे सुनिश्चित करें कि सभी नलकूप संचालित हों और उनमें आने वाले किसी भी प्रकार की खराबी को तत्काल ठीक कराया जाय जिससे किसान सिंचाई कार्य कर सकें। सांसद कैसरगज प्रतिनिधि संजीव सिंह ने सदन को जानकारी दी कि जिला पंचायत गोण्डा द्वारा उत्कृष्ट कार्य करने पर पहली बार छह करोड़ बाइस लाख का अतिरिक्त बजट शासन से प्राप्त हुआ है जिस पर बैठक में मौजूद जनप्रतिनिधियों में मेज थपथपाकर स्वागत किया। सीडीओ आशीष कुमार ने सभी जनप्रतिनिधियों का धन्यवाद ज्ञापित किया।
बैठक में विधायक सदर प्रतीक भूषण सिंह, विधायक कटरा बावन सिंह, करन भूषण सिंह, विधायक मेहनौन प्रतिनिधि मनोज तिवारी, पूर्व प्रधान राममूर्ति सिंह, ब्लाक प्रमुख प्रतिनिधि भवानी भीख शुक्ला, ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि श्रेयस्कर सिंह गौरव समेत सभी विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।