गोंडा। शहर के एक मोहल्ले की रहने वाली शिक्षिका का तीन माह से समुदाय विशेष का एक युवक पीछा कर छेड़खानी करता रहा। शिक्षिका की मां जब आरोपी के घर शिकायत करने पहुंची तो उसने तलवार व तमंचा निकाल लिया और धमकाते हुए बेटी का निकाह उसके साथ न करने पर जान से मार डालने की धमकी दी। युवती ने सोमवार को एसपी कार्यालय पहुंचकर एएसपी (पश्चिमी) से शिकायत दर्ज कराई। एएसपी के आदेश पर नगर कोतवाली में आरोपी युवक के खिलाफ केस दर्ज किया गया है।
पीड़ित युवती सोमवार को अपनी मां और भाई के साथ एसपी कार्यालय पहुंची। उसने एएसपी (पश्चिमी) राधेश्याम को बताया कि वह शहर के एक इंटर कॉलेज में शिक्षिका है। कॉलेज आते-जाते समय पटेलनगर का रहने वाला तनवीर उर्फ चांद बाबू उसका पीछा कर छेड़खानी करता था। कई बार रास्ते में उसे रोक लिया और हाथ पकड़कर जबरन उसे इत्र लगा चुका है। विरोध करने और पुलिस से शिकायत करने पर जान से मारकर शव गायब करने की धमकी भी दे चुका है। शिक्षिका ने बताया कि छेड़खानी से तंग आकर उसने अपनी मां को पूरी बात बताई। उसकी मां 30 जुलाई को आरोपी के घर शिकायत करने पहुंची। वहां तनवीर ने तलवार और तमंचा निकाल लिया, बेटी का निकाह उसके साथ न करने पर जान से मार डालने की धमकी दी। नगर कोतवाली के अपराध निरीक्षक अरविंद यादव ने बताया कि एएसपी के आदेश पर आरोपी तनवीर के खिलाफ छेड़खानी व धमकी का केस दर्ज किया गया है।