नवाबगंज (गोंडा)। सड़क किनारे खड़े दुकानदार को तेज रफ्तार बाइक की टक्कर लग गई। इलाज के दौरान दुकानदार की मौत हो गई।
कटरा शिवदयालगंज के फत्तेपुर गांव निवासी विशाल साहू (21) नवाबगंज कस्बे में जूते-चप्पल की दुकान चलाते थे। बृहस्पतिवार सुबह आठ बजे विशाल घर से दुकान जाने की बात कहकर निकले थे। विशाल के चचेरे भाई रोहित साहू ने बताया कि वह नंदिनी नगर महाविद्यालय के पास किसी से मिलने के लिए रुके थे। इसके बाद सड़क किनारे खड़े होकर नवाबगंज जाने के लिए सवारी वाहन का इंतजार करने लगे। इसी दौरान तेज रफ्तार बाइक से विशाल को टक्कर लग गई। इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर पहुंचे परिजनों ने विशाल को निजी अस्पताल में भर्ती कराया। हालत गंभीर देख डाॅक्टर ने अयोध्या मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। वहां इलाज के दौरान विशाल की मौत हो गई।
विशाल के एक भाई व एक बहन है। पिता पवन साहू की 10 साल पहले दुर्घटना में मौत हो गई थी। मां नीलम देवी ने बताया कि विशाल परिवार के इकलौते कमाऊ सदस्य थे। उनका अभी विवाह नहीं हुआ था। मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
थानाध्यक्ष अभय सिंह ने बताया कि हादसे की सूचना मिली है। तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।