तरबगंज/दुर्जनपुरघाट (गोंडा)। सुसेला निवासी तरबगंज तहसील के बार एसोसिएशन के पूर्व मंत्री पवन सिंह की शिक्षामित्र पत्नी किरण सिंह (45) की मंगलवार रात इलाज के दौरान लखनऊ में मौत हो गई। शुक्रवार को किसी वाहन की टक्कर लगने से वह घायल हो गईं थीं। उनके निधन की खबर मिलते ही अधिवक्ताओं में शोक की लहर फैल गई।
परिजनों ने बताया कि किरण तरबगंज के कंपोजिट विद्यालय सेझिया में बतौर शिक्षामित्र कार्यरत थीं। शुक्रवार को बेटे के साथ वह बाइक से घर लौट रहीं थीं। इस दौरान किसी वाहन की बाइक में टक्कर लग गई थी। घायल होने पर लखनऊ में इलाज चल रहा था। इलाज के दौरान उन्होंने मंगलवार को दम तोड़ दिया। किरण के तीन बेटे सचिन सिंह (22), अमन सिंह (19) व उत्कर्ष सिंह (15) हैं। सभी का रो-रोकर बुरा हाल है।
इसके साथ अधिवक्ता साथी की पत्नी की मौत के बाद बार एसोसिएशन में शोक प्रस्ताव देने के साथ कार्य से विरत रहे। बार एसोसिएशन के अध्यक्ष सुरेश सिंह, मंत्री रवींद्रनाथ पांडेय, सुरेंद्र सिंह, देवव्रत पांडेय सहित, प्राथमिक शिक्षक संघ के ब्लॉक अध्यक्ष बलवंत सिंह सहित अन्य ने घटना पर दुख जताया है।