-गोंडा में इटियाथोक थाना के भुड़कुड़ा दलपतपुर गांव में छात्र की हत्या के बाद जांच करते एएसपी पू
गोंडा। इटियाथोक थाना क्षेत्र के भुड़कुड़ा दलपतपुर खटिकन पुरवा में शनिवार को तिलक समारोह से लौटने के बाद देर रात घर से निकले नाबालिग छात्र की बांके से गला काटकर हत्या कर दी गई। कातिल ने छात्र के चेहरे व पेट पर भी ताबड़तोड़ किए। दोनों हाथ भी काट डाले। रविवार सुबह घर से 100 मीटर दूरी पर छात्र का खून से लथपथ शव पड़ा मिला। सूचना पर पुलिस के आलाधिकारी मौके पर पहुंचे। डाॅग स्क्वायड व फोरेंसिक टीम भी साक्ष्य जुटाने पहुंचीं। शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।
इटियाथोक थाना क्षेत्र के भुड़कुड़ा दलपतपुर खटिकन पुरवा निवासी सुरेंद्र यादव ने बताया कि उनका सबसे छोटा भाई मनीष कुमार यादव (15) क्षेत्र के गोपालबाग स्थित गुरुकुल विद्यापीठ में कक्षा सात का छात्र था। शनिवार को गांव में दो लोगों के यहां तिलक समारोह था। रात में मनीष वहां सबके साथ खाना परोसने में सहयोग कर रहा था। इसके बाद वह घर लौट आया। लगभग साढ़े दस बजे मनीष ने मां से लघुशंका जाने की बात कही। फिर वह घर से निकल गया। इसके बाद वह वापस नहीं लौटा। घरवालों ने समझा कि वह गांव में ही कार्यक्रम में चला गया होगा। रविवार सुबह मनीष का चचेरा भाई रामबाबू गांव में निकला। तभी बंसवारी के पास गेहूं के खेत में मनीष का शव पड़ा देखा तो शोर मचाते हुआ घर पहुंचा। शोर सुनकर ग्रामीण इकट्ठा हो गए। मनीष की हत्या से परिवार में कोहराम मच गया। पिता हनुमान यादव व मां समेत परिवार के लोग बिलखने लगे।
सुरेंद्र के मुताबिक हत्यारे ने धारदार हथियार से गला काटकर मनीष की हत्या कर दी। उसके शरीर पर ताबड़तोड़ कई वार किए। दोनों हाथ भी काट डाले। हत्या की सूचना पर एसपी विनीत जायसवाल, एएसपी (पूर्वी) मनोज कुमार राव, सीओ (सदर) शिल्पा वर्मा, प्रभारी निरीक्षक विवेक त्रिवेदी सहित डाॅग स्क्वायड व फोरेंसिक टीम ने पहुंचकर पड़ताल की। पुलिस टीमें छात्र की हत्या का कारण तलाशने में जुटी हैं।
एसपी विनीत जायसवाल ने बताया कि इटियाथोक के भुड़कुड़ा दलपतपुर खटिकन पुरवा में छात्र की हत्या के मामले में अहम सुराग पुलिस के हाथ लगे हैं। इटियाथोक थाने की पुलिस टीमें हत्या आरोपी की तलाश कर रही हैं। जल्द ही हत्या का खुलासा किया जाएगा।