गोंडा। प्रवासियों की घर वापसी व लोगों की लापरवाही से एक बार फिर कोरोना संक्रमण बढ़ता जा रहा है। दूसरे प्रदेशों से आ रहे यात्रियों में लगातार कोरोना संक्रमण की पुष्टि हो रही है। गुरुवार को मुंबई से जिले में पहुंचे छह यात्रियों समेत सात लोगों में कोरोना संक्रमण की पुष्टि हुई।
सभी को कोविड अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इसके साथ कोरोना संक्रमण के सक्रिय मरीजों की संख्या 45 पहुंच गई।
जिले में दूसरे प्रदेशों से आ रहे प्रवासी कोरोना संक्रमित मिल रहे हैं। गुरुवार को मुंबई से आई ट्रेन से उतरे यात्रियों की कोरोना जांच की गई। इसमें से छह यात्री संक्रमित पाए गए।
वहीं खरगूपुर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर प्रसव कराने आयी महिला की जांच किए जाने पर वह भी संक्रमित मिली। संक्रमितों को जिला अस्पताल स्थित कोविड अस्पताल में भर्ती कराया गया है। कोरोना से निपटने के लिए स्वास्थ्य विभाग फिर से अलर्ट मोड पर आ गया है, लेकिन फिर भी लोग कोरोना प्रोटोकॉल का पालन नहीं कर रहे हैं।
गुरुवार को जिला पंचायत कार्यालय पर लोग भीड़ में नोड्यूज के लिए धक्कामुक्की करते दिखे। कुछ लोग ही कोविड प्रोटोकॉल का पालन कर रहे हैं। जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. देवराज ने बताया कि स्वास्थ्य विभाग कोरोना से निपटने के लिए पूरी तरह से सतर्क है। आजकल रोजाना आ रहे कोरोना संक्रमित मामलों में अभी तक कोई नया स्ट्रेन नहीं मिला है, लेकिन फिर भी सभी को पूर्ण सावधानी बरतने की जरूरत है।
संक्रमित महिला ने बालक को दिया जन्म
खरगूपुर (गोंडा)। प्रसव के लिए अस्पताल आई महिला जांच में कोरोना पॉजिटिव मिली। जहां प्रसव के दौरान महिला नेे शिशु को जन्म दिया। पॉजिटिव महिला को गोंडा के लेवल-2 अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
वहीं प्रसव केंद्र 24 घंटे के लिए बंद कर दिया गया है। खरगूपुर सीएचसी अधीक्षक डॉ. जेपी शुक्ल ने बताया कि संक्रमित महिला के संपर्क में आए हुए लोगों की जांच कराई जा रही है। जांच टीम में डॉ. संदीप शुक्ल, डॉ. प्रवीण, डॉ. अतुल व रवि श्रीवास्तव रहे।