गोंडा। कोरोना की महामारी की मार अब नेताओं पर भी भारी पड़ रही है। जिले में भाजपा के वरिष्ठ नेता और जिला कार्यसमिति सदस्य सतीश तिवारी की बुधवार रात इलाज के दौरान मृत्यु हो गई। जिले के इमिलिया गुरुदयाल ग्राम पंचायत निवासी सतीश तिवारी पिछले गुरुवार को लखनऊ के एक निजी अस्पताल में इलाज कराने गये थे। जहां जांचने पर कोरोना संक्रमित पाए गए। बताया जा रहा है कि पहली जांच में कोरोना पॉजिटिव पाए जाने के बाद दूसरी जांच में वे निगेटिव पाए गए थे। इसके साथ ही वो तरबगंज विधायक प्रेम नरायन पांडेय के काफी खास भी माने जाते थे। अपने मिलनसार स्वभाव और व्यवहार के बल पर तिवारी सभी दलों के नेताओं से उनका संपर्क रहा है। बताया जा रहा है कि सतीश तिवारी सन 1989 से भाजपा के सक्रिय सदस्य थे। भाजपा नेता के निधन पर विधायक प्रेम नारायण पांडेय, विनय कुमार द्विवेदी, प्रभात वर्मा, प्रतीक भूषण सिंह, भाजपा नेता महेश नारायण तिवारी, जिलाध्यक्ष सूर्यनारायण तिवारी, पूर्व जिलाध्यक्ष पीयूष मिश्र, अनुपम मिश्र, नीरज मौर्य, राघवेंद्र ओझा, सपा के राजेश दीक्षित व बसपा नेता पप्पू सिंह परास ने गहरा शोक जताया है।
प्रथमा यूपी ग्रामीण बैंक भी कोरोना की चपेट में
गोंडा। जिले के विभिन्न बैंकों में भी कोरोना ने अपनी दस्तक दे दी। इस क्षेत्र में कार्यरत साथियों को भी कोरोना ने अपने गिरफ्त में लेना शुरू कर दिया। सहायक प्रबंधक शाखा-चौक, प्रबंधक शाखा-गिर्द गोंडा, एवं सहायक प्रबंधक शाखा सोनबरसा को कोरोना का टेस्ट पॉजिटिव आया है। लेकिन बैंक प्रशासन और जिला प्रशासन की ओर से लापरवाही बरती जा रही है। न तो बैंक सील किया गया है और न ही सेनीटाइजेशन ही कराया गया है।
रिटायर्ड रेंजर ने भी कोरोना से दम तोड़ दिया
दुबहा बाजार (गोंडा)। 19 जुलाई दिन सोमवार को हॉर्ट के चेकअप के लिए मेडिकल कॉलेज गए लखनऊ गए। मरीज की जांच के दौरान कोरोना पॉजिटिव पाए जाने पर मेडिकल कॉलेज लखनऊ में भर्ती कर दिया गया, जहां इलाज के दौरान मौत हो गई। ब्लॉक कटरा बाजार के ग्राम पंचायत छीरास निवासी रिटायर्ड रेंजर राम प्रकाश शुक्ला हार्ट के चेकअप के लिए 19 जुलाई को मेडिकल कॉलेज लखनऊ गए थे। जांच के दौरान कोरोना पॉजिटिव पाए जाने पर मेडिकल कॉलेज लखनऊ में भर्ती कर दिया गया। जहां बुधवार की शाम इलाज के दौरान उनकी मृत्यु हो गई।