गोंडा। जिले के विभिन्न विकासखंडों में 20 मई से सुरक्षाकर्मियों की भर्ती शुरू हो जाएगी। जिला विकास अधिकारी सुशील कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि एसआईएस इंडिया लिमिटेड की ओर से तिथिवार भर्ती का शेड्यूल जारी किया गया है।
संस्था के कमांडेंट एमआर जायसवाल ने बताया कि संस्था की ओर से पूरे देश व विदेशों में भी सुरक्षा सैनिक व सुपरवाइजर मुहैया कराया जाता है। जिसके लिए वजीरगंज विकासखंड में 20 व 21 मई, तरबगंज में 22 व 23 मई, रुपईडीह में 24 व 26 मई, परसपुर में 27 व 28 मई, पंडरीकृपाल व बेलसर में 29 व 30 मई, नवाबगंज व बभनजोत में दो व तीन जून, कटरा बाजार व मनकापुर में चार व पांच जून, झंझरी व इटियाथोक ब्लॉक छह व सात जून, करनैलगंज व हलधरमऊ में नौ व 10 जून, मुजेहना व छपिया में 11 व 12 जून को भर्ती शिविर का आयोजन किया जाएगा।
सुरक्षा सैनिक व सुपरवाइजर के लिए ये है पात्रता
सुरक्षा सैनिक के लिए लंबाई 168 सेंमी, सीना 80-85 सेंमी तथा उम्र 19 से 40 वर्ष के बीच होनी चाहिए। वजन 56 से 90 किलो व शैक्षिक योग्यता हाईस्कूल पास होना चाहिए। वहीं सुपरवाइजर के लिए बीए पास होना चाहिए। लंबाई 170 सेंटी मीटर और उम्र 19 से 40 वर्ष निर्धारित है। पंजीकरण करने के लिए 350 रुपये ऑनलाइन जमा करना होगा। चयनियत अभ्यर्थियों को प्रशिक्षण के लिए जौनपुर भेजा जाएगा।