बभनजोत में विद्यालय को सील करते शिक्षा विभाग के अधिकारी। स्रोत: सोशल मीडिया
गोंडा। स्वतंत्रता दिवस पर छात्राओं के बुर्का पहनकर डांस करने का वीडियो वायरल होने के बाद चर्चा में आए बभनजोत के औसनी बुजुर्ग स्थित नॉलेज बीम एकेडमी को सील कर दिया गया है। जांच में मान्यता न होने की बात सामने आने पर बीएसए अमित कुमार सिंह के निर्देश पर बीईओ बभनजोत रियाज अहमद ने कार्रवाई की है।
स्वतंत्रता दिवस के कार्यक्रम का एक वीडियो वायरल हुआ है। इसमें चार छात्राएं बुर्का पहनकर अलग-अलग फिल्मी और भोजपुरी गानों पर डांस करती दिखाई दे रही हैं। वीडियो की जानकारी के बाद सोमवार दोपहर दो बजे बीईओ ने विद्यालय पहुंचकर अभिलेखों की जांच की। इस दौरान बिना मान्यता के विद्यालय संचालित होने की पुष्टि हुई। जिसके बाद विद्यालय के कार्यालय पर ताला लगा दिया गया।
बीईओ ने बताया कि विगत अगस्त में विद्यालय बंद कराया गया था, जिसके बाद संचालक राम सुरेश मौर्य ने फिर से विद्यालय शुरू कर दिया। बीएसए अमित कुमार सिंह ने बताया कि बीईओ की जांच रिपोर्ट में विद्यालय बिना मान्यता के संचालित पाया गया। इसी आधार पर सोमवार को उसे सील कर दिया गया है।