करनैलगंज (गोंडा)। सरयू नदी का जलस्तर सोमवार को दिनभर स्थिर रहा। बैराजों से रविवार को छोड़े गए करीब दो लाख क्यूसेक पानी की शाम को आमद शुरू हो गई। इसके अलावा सवा 2.24 लाख क्यूसेक पानी सोमवार सुबह छोड़ा गया, जो मंगलवार को एल्गिन ब्रिज तक पहुंचेगा।
सोमवार देर शाम सरयू नदी खतरे के निशान 106.070 मीटर के सापेक्ष 104.870 मीटर पर पहुंच गई। एल्गिन ब्रिज पर सरयू नदी इस समय खतरे के निशान से मात्र 1.20 मीटर नीचे बह रही है।
यदि सरयू खतरे के निशान से ऊपर पहुंचती है तो सबसे पहले करनैलगंज के ग्राम चंदापुर किटौली के चार मजरे, बहुवन मदार मांझा का मैदानी इलाका, नकहरा के नौ मजरे के साथ ही बाराबंकी की सीमा पर बसे गांव बेहटा, पारा, मांझा रायपुर प्रभावित होंगे।
संभावित बाढ़ से निपटने के लिए प्रशासन ने करनैलगंज तहसील क्षेत्र में 11 बाढ़ चौकियां और नौ शरणालय स्थापित किए हैं। 26 नावों की व्यवस्था की गई है। स्वास्थ्य विभाग की टीमें अलर्ट पर हैं। जल पुलिस व एसडीआरएफ के जवान भी मुस्तैद हैं। (संवाद)