बूचड़खाना के विरोध में प्रदर्शन करते ग्रामीण
- फोटो : अमर उजाला
उतरौला ब्लॉक के ग्राम मुजेहनी निवासी रमेश कुमार यादव, रामफल यादव, रामबचन दुशाद सहित सैकड़ों ग्रामीणों ने गुरुवार को कलेक्ट्रेट पहुंचकर गांव के पास बूचड़खाना खोले जाने के विरोध में प्रदर्शन शुरू कर दिया। धरने को संबोधित करते हुए ग्रामीणों ने कहा कि गांव के पास बूचड़खाना खुलने से लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
बूचड़खाने से उठ रही दुर्गंध के चलते लोगों का जीना दुश्वार हो गया है। इन लोगों ने गांव के पास से बूचड़खाना तत्काल हटवाये जाने की मांग करते हुए कहा कि क्षेत्र के ग्रामीणों ने आरपार की लड़ाई के लिए तैयारी शुरू कर दी है।
शीघ्र ही बूचड़खाना नहीं हटवाया गया तो चक्का जामकर विरोध प्रदर्शन किया जाएगा। प्रदर्शन के बाद ग्रामीणों ने डीएम को शिकायती पत्र सौंपकर शीघ्र बूचड़खाना हटवाए जाने की मांग की। डीएम प्रीति शुक्ला ने ग्रामीणों को आश्वासन दिया कि मामले की जांच कराकर उचित कार्रवाई की जाएगी।