गोंडा। शहर के आईटीआई रोड पर 4.66 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाला ड्राइवर ट्रेनिंग इंस्टीट्यूट तैयार हो चुका है। यहां भवन के साथ ही ट्रैक व कंट्रोल पैनल रन करने लगे हैं। कार्यदायी संस्था पैक्सफेड इसका निर्माण करा रही थी। कार्यदायी संस्था ने एक साल पहले शुरू हुए निर्माण कार्य को पूरा कर लिया है। अब जल्द ही कार्यदायी संस्था ड्राइवर ट्रेनिंग इंस्टीट्यूट को संभागीय परिवहन विभाग को हैंडओवर कर देगी। इसके बाद यहां ड्राइविंग लाइसेंस जारी करने से पहले आवेदकों का ट्रैक पर टेस्ट लिया जाएगा।
शहर के आईटीआई रोड पर एक साल पहले कार्यदायी संस्था पैक्सफेड ने ड्राइवर ट्रेनिंग इंस्टीट्यूट का निर्माण शुरू किया था। ड्राइवर ट्रेनिंग इंस्टीट्यूट में लाइसेंसिंग अथारिटी, संभागीय निरीक्षक प्राविधिक समेत अन्य कर्मचारियों के बैठने के लिए भवन का निर्माण कराया गया है। यहां ट्रैक व भवन के लिए कंट्रोल पैनल बनाया गया है। अधिकारियों व कर्मचारियों समेत यहां आने वाले लाइसेंस के आवेदकों के लिए कैंटीन की सुविधा मुहैया कराई गई है। इंस्टीट्यूट में कंट्रोल रूम के साथ ही गार्ड रूम का भी निर्माण कराया गया है।
4.66 करोड़ की लागत से ड्राइवर ट्रेनिंग इंस्टीट्यूट का निर्माण पूरा कर लिया गया है। जल्द ही डीटीआई संभागीय परिवहन विभाग को हैंडओवर कर दिया जाएगा। विजय सिंह, सहायक अभियंता, पैक्सफेड
शहर के आईटीआई परिसर में ड्राइवर ट्रेनिंग इंस्टीट्यूट का निर्माण एक साल पहले शुरू हुआ था। जिसके पूर्ण होने की सूचना मिली है। मगर पैक्सफेड ने अभी हैंडओवर नहीं किया है। बबिता वर्मा, सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी प्रशासन