करनैलगंज (गोंडा)। कोतवाली क्षेत्र में एक बुजुर्ग महिला टप्पेबाजी का शिकार हो गईं। दो बदमाशों ने झांसा देकर उनके गहने उतरवा लिए और कागज का बंडल थमाकर भाग गए। घटना सीसीटीवी में कैद हो गई है। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस छानबीन कर रही है।
कौड़िया के छितौनी निवासी उर्मिला देवी ने बताया कि शनिवार को वह बेटी के घर भंभुआ जा रही थीं। तभी गोंडा बस स्टॉप पर उन्हें दो अज्ञात व्यक्ति मिले। दोनों ने पूछा कि कहां जा रही हो। उन्होंने भंभुआ जाने की बात बताई। दोनों व्यक्ति उनके पीछे लग गए और आपस में विवाद व मारपीट करने लगे। उसमें बुजुर्ग व्यक्ति जो हाथ में रुमाल का बंडल लिए था, वह कहने लगा कि मेरे पास पास तीन लाख रुपये हैं, इन्हें बैंक में जमा करा दो नहीं तो मेरा बेटा मुझे मारकर छीन लेगा। पीड़िता उसकी बातों में आ गईं। वह करनैलगंज में उन लोगों के साथ बस से उतर गईं।
बस स्टाॅप के निकट कटरा बाजार मार्ग पर बुजुर्ग व्यक्ति महिला को बंडल देते हुए कहा कि इसमें पैसे हैं। फिर आरोपियों ने उर्मिला के सारे गहने उतरवा लिए और लेकर फरार हो गए। उन्होंने जब बंडल खोला तो उसमें कागज की गड्डी थी। उर्मिला ने करनैलगंज कोतवाली में तहरीर दी है। कोतवाल श्रीधर पाठक ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज मिली है। छानबीन की जा रही है।