गोंडा। परिवहन निगम ने बहराइच से अयोध्या के बीच जल्द ही रोडवेज बस सेवा शुरू करने का निर्णय लिया है। इससे सीबीएन मार्ग पर पड़ने वाले कस्बों व गांवों के लोगों को रामनगरी पहुंचने में सहूलियत मिलेगी।
क्षेत्रीय प्रबंधक देवीपाटन अरविंद कुमार ने बताया कि बहराइच से अयोध्या के बीच हुजूरपुर करनैलगंज होते हुए अयोध्या के लिए सीधी बस सेवा न होने से इस रूट के लोगों को अयोध्या के बहराइच व गोंडा रोड बस डिपो से बसें पकड़नी पड़ती थीं। इससे समय और किराया भी अधिक लगता था। अब बहराइच से अयोध्या के लिए हुजूरपुर करनैलगंज के रास्ते बस सेवा शुरू होने से लोगों को अयोध्या जाने में सहूलियत मिलेगी। बताया कि बहराइच से सुबह सात बजे बस अयोध्या के लिए हुजूरपुर, करनैलगंज, परसपुर, रगड़गंज, तरबगंज वाया नवाबगंज शिवदयालगंज के रास्ते तीन घंटे में सुबह दस बजे अयोध्या पहुंचेंगी। (संवाद)