गोंडा। अब हर रोज 12 हजार लोगों को रोडवेज की बसें गंतव्य तक पहुंचाएंगी। रोडवेज ने लखनऊ रूट पर बसों की संख्या में इजाफा करते हुए 18 कर दी है। इसमें सात जोड़ी साधारण बसें तो दो जोड़ी एसी बसों को शामिल किया गया है। रोडवेज बसों से यात्रा अब आसान नहीं रह गई है। ट्रेनों का संचालन बंद होने से यात्रियों की मुसीबत बढ़ गई है। हर रोज पहले दस हजार यात्री विभिन्न स्थानों के लिए बस से यात्रा करते थे। ट्रेनों का संचालन बंद होने से इनकी संख्या 13 हजार पहुंच गई है। रोडवेज की बसों में भीड़ बढ़ गई है। बसों में चढ़ने के लिए यात्रियों को मुसीबत झेलनी पड़ रही है।
फैक्ट फाइल
कुल बसें-88
अनुबंधित बसें-13
नियमित चालक-33
संविदा चालक-132
नियमित परिचालक-17
संविदा परिचालक-132
लखनऊ-कानपुर रूट पर थीं 6 जोड़ी बसें, अब हुईं नौ
ट्रेनों का संचालन बंद होने से पहले लखनऊ-कानपुर रूट पर पहले छह जोड़ी बसें चलती थीं। मगर अब यात्रियों की संख्या में अचानक हुई बढ़ोत्तरी के बाद रोडवेज ने इस रूट पर तीन जोड़ी बसों का संचालन बढ़ा दिया है। इस रूट पर पहले 12 बसें चलती थीं। कुल 18 बसें इस रूट पर दौड़ रही हैं। इनमें 14 साधारण बसें व चार एसी बसों को यात्रियों की सुविधा के लिए लगाया गया है।
रोडवेज में किलोमीटर पर निर्धारित किराया
रोडवेज ने साधारण व एसी बसों को अलग-अलग किराया प्रति किलोमीटर के हिसाब से निर्धारित कर रखा है। साधारण बसों से यात्रा करने वाले यात्रियों को 1.05 किलोमीटर के हिसाब से किराया देना होता है। एसी बसों से गंतव्य तक जाने वालों को 1.57 रुपये किराया चुकाना पड़ता है।
60 में एक्सप्रेस तो 75 रुपये में सुपरफास्ट ट्रेन से पहुंचते थे लखनऊ
गोंडा से लखनऊ की यात्रा करने वाले यात्रियों के लिए ट्रेन की सुविधा मुहैय्या थी। किराया भी कम लगता था और बसों की अपेक्षा कम समय में लखनऊ पहुंच जाते थे। मगर रेलवे मेें इंटरलाकिंग से ट्रेनों का संचालन बंद हो गया। इससे लोगों को लखनऊ, कानपुुर, दिल्ली की यात्रा के लिए गोंडा से बस ही एक मात्र साधन रह गया। इसमें उन्हें साधारण बसों का किराया भी अधिक चुकाना पड़ता है। रोडवेज का लखनऊ का साधारण बस का 160 व एसी बस को 200 रुपये किराया देना पड़ रहा है। रेलवे ने एक्सप्रेस ट्रेन का 60 रुपये व सुपरफास्ट ट्रेन का किराया 75 रुपये निर्धारित कर रखा है। मगर ट्रेनों को संचालन बंद होने से यात्रियों को बस की यात्रा में अधिक किराया देना पड़ रहा है। (संवाद)
परिवहन निगम डिमो में 88 बसें संचालित हैं। इन्हीं बसों से यात्रियों को सुविधा मुहैय्या कराई जा रही है। ट्रेनें बंद होने से यात्रियों की भीड़ बढ़ गई है। यात्रियों की सुविधा को देखते हुए लखनऊ- कानपुर रूट पर बसों की संख्या बढ़ाई गई है। पहले लखनऊ रूट पर 12 बसें थी। अब बढ़ाकर 18 कर दी गई हैं। राकेश मोहन पांडेय, एआरएम रोडवेज