नकल कराने के आरोप में दो परीक्षा केंद्र के दो कक्ष निरीक्षकों को ड्यूटी से हटा दिया गया है। दूसरे दिन शुक्रवार को यूपी बोर्ड परीक्षा के 118 विद्यार्थियों ने एग्जाम नहीं दिया।
डीआईओएस मनमोहन शर्मा के मुताबिक शुक्रवार को सुबह की पाली में ही परीक्षा कराई गई है। इंटर के गृह विज्ञान के प्रथम प्रश्नपत्र में 1459 और हाईस्कूल के सिलाई विषय में एक परीक्षार्थी को एग्जाम देना था। गृह विज्ञान की परीक्षा देने 118 विद्यार्थी नहीं पहुंचे।
डीआईओएस ने बताया कि गत 18 फरवरी को परीक्षा के दौरान वित्त एवं लेखाधिकारी आनंद कुमार के सचल दस्ते ने अखिलेश्वर तिवारी इंटर कॉलेज तुलसीपुर के एक कक्ष में तीन छात्राओं को सामूहिक नकल कराने और कन्या इंटर कॉलेज गैसड़ी में दूसरे कमरे में कक्ष निरीक्षक के मिलने पर उन्हें हटाने की रिपोर्ट दी गई थी।
रिपोर्ट के आधार पर तुलसीपुर के कक्ष निरीक्षक अंशुमान मिश्र व गैसड़ी स्कूल की कक्ष निरीक्षक रवीन्द्र कौर को परीक्षा की ड्यूटी से हटा दिया गया है। परीक्षा केंद्रों पर अव्यवस्था व सामूहिक नकल की शिकायत मिलने पर डिबार करने की चेतावनी डीआईओएस ने दी है।