गोंडा। भाजपा सरकार के चार वर्ष का कार्यकाल पूरा होने के मौके पर बुधवार को जिले के विभिन्न ब्लाक मुख्यालयों पर श्रमिक सम्मेलन व पंजीकरण मेला का आयोजन किया गया। विकासखंड बभनजोत में आयोजित कार्यक्रम में क्षेत्रीय विधायक प्रभात कुमार वर्मा ने पंजीकरण मेला का शुभारंभ किया।
इसमें बेरोजगार युवाओं का को पंजीयन कराया गया ताकि जल्दी रोजगार मिल सके। विकास खंड पंडरी कृपाल में आयोजित मेला में प्रवासी, श्रमिक, रेहडी, खोमचा, पटरी व्यवसायियों ने कार्यक्रम में हिस्सेदारी कर सरकार द्वारा संचालित योजनाओं का फायदा पाने को पंजीयन कराया।
नवाबगंज ब्लाक परिसर में पूर्व विधायक मंजू सिंह ने योगी सरकार के चार साल की उपलब्धियों को बताते हुए कहा कि सरकार नें तमाम क्षेत्रों में काम किया है। नगर पालिका अध्य्क्ष डाक्टर सत्येन्द्र सिंह ने कहा कि संचालित योजनाओं की जागरूकता न होने के कारण ही इसका फायदा वास्तविक लाभार्थियों तक नहीं पहुंच पाता।
बेलसर ब्लाक मुख्यालय पर भी श्रम एवं स्वास्थ्य विभाग की गोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष इकबाल बहादुर तिवारी ने की। पंजीयन मेला में रजिस्ट्रेशन कराने वाले श्रमिकों को पंजीयन प्रमाणपत्र भी वितरित किया गया।