गोंडा के आयुक्त सभागार में अधिकारियों संग समीक्षा करते आयुक्त एसवीएस रंगाराव।
- फोटो : GONDA
गोंडा। आयुक्त देवीपाटन मंडल एसबीएस रंगाराव ने मिशन प्रेरणा अंतर्गत मंडलीय टास्क फोर्स की मासिक समीक्षा बैठक की। बैठक में संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया है कि वे विद्यालयों में 14 निर्धारित पैरामीटर के अनुसार कराए गए कार्यों का भौतिक निरीक्षण कर शेष कार्यों को 26 जनवरी तक प्रत्येक दशा में पूर्ण कराना सुनिश्चित करें। विद्यालयों में मानक के अनुरूप निर्माण कार्य जैसे पेयजल, शौचालय निर्माण, बाउंड्रीवाल आदि व्यवस्थाएं सुनिश्चित करा लें। उन्होंने एडी बेसिक को निर्देश दिए कि वे रिबोर होने वाले व नए स्थापित होने वाले हैंडपंपों की सूची उपलब्ध करा दें। बैठक में आयुक्त ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि नवनियुक्त अध्यापकों की तैनाती में स्वास्थ्य प्रमाणपत्र व अभिलेखों की जांच के नाम पर उनका आर्थिक शोषण की शिकायत मिलने पर संबंधित के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी।
आयुक्त ने कहा कि ऐसे विद्यालय जहां वायरिंग व विद्युत कनेक्शन नहीं है वहां विद्युत संयोजन कार्य पूरा करा लिया जाए और आगामी 15 जनवरी तक प्रेरणा एप पर सभी सूचनाएं शत-प्रतिशत अपलोड करा दी जाएं। ऐसे विद्यालय जहां शौचालय में नल-जल की व्यवस्था नहीं है वहां व्यवस्था शीघ्र सुनिश्चित करा ली जाएं। आर्सेनिक जल वाले विद्यालयों में आवश्यकतानुसार समरसेबल लगवाए जाएं। मंडल के स्कूलों में स्वच्छता की जांच डीपीआरओ व जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी संयुक्त रूप से करा लें और स्कूलों में दिव्यांगों के लिए भी शौचालय की व्यवस्था हर हाल में सुनिश्चित की जाए।
आयुक्त ने कहा कि एमडीएम योजना के तहत बच्चों को राशन मिल रहा है अथवा नहीं, इसका सत्यापन सभी जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी करा लें। उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि पेयजल समूह की योजना वालों गांवों के स्कूलों में पाइप्ड पेयजल की व्यवस्था कराई जाए। बैठक में एडी बेसिक विनय मोहन वन, डीडी पंचायत एसएन सिंह, आरएफसी दिनेश शर्मा, डीडी महिला कल्याण, जिला कार्यक्रम अधिकारी मनोज कुमार, जिला सूचना विज्ञान अधिकारी गिरीश कुमार, सहायक जिला सूचना विज्ञान अधिकारी अविनाश दूबे, सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।