जयप्रभाग्राम। सीडीओ अंकिता जैन की पहल ‘ब्लॉक आपके द्वार’ कार्यक्रम के तहत मंगलवार को इटियाथोक के अर्जुनपुर में चौपाल का आयोजन किया गया। बीडीओ विजय कुमार मिश्र ने ग्रामीणों को विभिन्न विकास योजनाओं की जानकारी दी। कार्यक्रम में गिरिजेश पटेल, वीरेंद्र सिंह, रामकुमार सिंह आदि ग्रामीण मौजूद रहे।
हलधरमऊ संवाद के अनुसार, बसालतपुर में बीडीओ देवनायक सिंह की अध्यक्षता में आयोजित चौपाल में ग्रामीणों ने समस्याएं उठाईं। भगवान प्रसाद, अरविंद चौबे व राम अछैवर ने पंचायत सहायक के नियमित रूप से न बैठने की शिकायत की। कार्यक्रम में एडीओ राजेश वर्मा, प्रधान सुमन श्रीवास्तव, लव श्रीवास्तव, सर्वेश, रिंकू शुक्ल आदि उपस्थित रहे।
मोतीगंज संवाद के अनुसार, डीडीओ सुशील श्रीवास्तव व झंझरी के बीडीओ वीरेंद्र मिश्र ने पैड़ी अजब सिंह में चौपाल लगाकर ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं। डीडीओ ने पेंशन, आवास, किसान सम्मान निधि, फैमिली आईडी, सामूहिक विवाह सहित विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी।
पंडरीकृपाल के मलारी में आयोजित चौपाल में ग्रामीणों ने शौचालय व किसान सम्मान निधि न मिलने की शिकायत की। वृद्धावस्था पेंशन की मांग रखी। बभनजोत, परसपुर और कटरा बाजार ब्लॉक में भी आयोजित चौपालों में अधिकारियों ने योजनाओं की जानकारी दी और ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं। (संवाद)