गोंडा। जिले में इस बार त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव में 27.56 लाख मतदाता अपने पसंद के प्रत्याशी का चुनाव करेंगे। मतदाताओं में सवा छह फीसदी की वृद्धि हुई है। इसके साथ ही सूची से 2.61 लाख वोटरों के नाम भी कटेंगे। पंचायत एवं स्थानीय निकाय चुनाव कार्यालय की ओर से जरूरी तैयारी की जा रही है। 23 दिसंबर को मतदाता सूची का अनंतिम प्रकाशन होगा।
पिछली बार अप्रैल 2021 में पंचायत चुनाव कराया गया था। तब 25.94 लाख मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया था। ऐसे में अगले वर्ष होने वाले पंचायत चुनाव के लिए मतदाता सूची का पुनरीक्षण किया गया है। राज्य निर्वाचन आयोग की ओर से चिहिंत किए डुप्लीकेट वोटर हटाए गए हैं। इसके साथ ही 4.23 लाख मतदाता सूची में जोड़े गए। 45 हजार से अधिक नाम में संशोधन किया गया। 2.61 लाख मतदाता हटाए जा चुके हैं। इस तरह से कुल 1.62 लाख मतदाता सूची में बढ़े हैं। जोकि कुल मतदाताओं का लगभग 6.25 प्रतिशत है। ये मतदाता पहली बार किसी भी पंचायत चुनाव में अपने पसंद के प्रत्याशी का चुनाव कर पाएंगे। पिछले पांच वर्षों में मताधिकार हासिल किया है। जबकि बड़े पैमाने पर वोटरों की मृत्यु, दूसरे जगह चले जाने व अन्य कारणों से सूची से बाहर हुए हैं। इस बार उनका नाम मतदाता सूची में नहीं होगा। एडीएम आलोक कुमार ने बताया कि अनंतिम मतदाता सूची प्रकाशन के लिए सभी जरूरी तैयारी के निर्देश दिए गए हैं।
कटरा बाजार और हलधरमऊ में बढ़े सबसे अधिक वोटर
जिले के ब्लॉकों में कटरा बाजार में सबसे अधिक 11.77, हलधरमऊ में 10.73 मतदाताओं की वृद्धि हुई है। बेलसर में 9.55, परसपुर व वजीरगंज में 7.73, करनैलगंज में 7.56, नवाबगंज में 7.27, तरबगंज में 7.11, बभनजोत में 6.08, छपिया में 4.50, मुजेहना में 4.36, रुपईडीह में 3.77, पडरीकृपाल में 3.51 फीसदी मतदाताओं की वृद्धि हुई है। इसके साथ ही इटियाथोक में 1.86 और झंझरी में सबसे कम 1.81 वोटर बढ़े हैं। इस तरह से जिले में औसतन सवा छह फीसदी मतदाताओं में वृद्धि हुई है।
पात्र मतदाताओं को एक बार फिर मिलेगा मौका..
सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी नारायण ने बताया कि पात्र मतदाताओं को परेशान होने की जरूरत नहीं है। आगामी 23 दिसंबर को अनंतिम सूची न होने पर एक बार फिर नाम जोड़ने, संशोधन करने व हटाने के लिए दावे व आपत्तियां ली जाएगी। 24 दिसंबर से कोई भी वोटर की ओर से दावे व आपत्तियां ली जा सकेगी। छह फरवरी को फाइनल सूची का प्रकाशन होगा।