गोंडा। प्रधानमंत्री ने कौशल विकास मिशन के छात्रों से वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से सीधे संवाद कर आत्म निर्भरता के गुर सिखाए। गुरुवार को गांधी विद्यालय में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने स्वयं सहायता समूह, आत्म निर्भर नारी शक्ति व उत्तर प्रदेश कौशल विकास मिशन के प्रशिक्षार्थियों से वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से सीधे संवाद स्थापित किया।
केन्द्र पर उपस्थित समस्त प्रशिक्षार्थियों ने वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से देश के प्रधानमंत्री को सुना। प्रधानमंत्री ने कहा कि महिलाओं में उद्यमशीलता का दायरा बढ़ाने के लिए, आत्म निर्भर भारत के संकल्प में अधिक से अधिक भागीदारी के लिए आज बड़ी आर्थिक मदद जारी की गयी है।
कोरोना काल में जिस प्रकार से हमारी बहनों ने स्वयं सहायता समूह के माध्यम से देश वासियों की सेवा की वह अभूतपूर्व व अतुलनीय है। मास्क और सैनिटाइजर बनाना हो, जरुरतमंदों तक खाना पहुंचाना हो, जागरुकता का काम हो हर प्रकार से आपके सखी समूहों का योगदान अतुलनीय रहा।
कहा ग्रामीण क्षेत्र के युवाओं को रोजगार युक्त प्रशिक्षण प्रदान करने के लिए ग्रामीण विकास मंत्रालय भारत सरकार दीन दयाल उपाध्याय ग्रामीण कौशल योजना संचालित कर रही है। कार्यक्रम में वर्षा सिंह, दिवाकर विक्रम सिंह, विवेक सरन, कृष्ण कुमार आदि उपस्थित रहे।