गोंडा। ताबेपुर गांव की प्रधान के पुत्र की रविवार दोपहर तीन हमलावरों ने ताबड़तोड़ तीन गोलियां मारकर हत्या कर दी। ग्रामीणों के दौड़ाने पर हमलावर असलहे लहराते हुए भाग गये। मृतक की पत्नी ने गांव के ही पूर्व प्रधान के दो बेटों व एक अन्य पर चुनावी रंजिश में वारदात अंजाम देने का आरोप लगाते हुए छपिया थाने में तहरीर दी है। एसपी ने एएसपी, चार सीओ व कई थानों की फोर्स के साथ मौके पर पहुंचकर पूरे मामले की जानकारी करके आरोपियों की तलाश में कई पुलिस टीमें लगाईं हैं।
छपिया थाना क्षेत्र के ताबेपुर गांव की प्रधान ईश्वरवती के पुत्र दुर्गेश सिंह उर्फ भोलू (23) प्रधान प्रतिनिधि के तौर पर अपनी मां का कामकाज देखते थे। रविवार को गांव के पुजारी रहे परशुरामदास की पुण्यतिथि के उपलक्ष्य में देव स्थान पर भंडारा था। भोलू गांव के ही दुुर्गेश उर्फ प्रेमप्रकाश व अन्य लोगों के साथ मंदिर में भंडारे की तैयारियां करा रहे थे।
तभी दोपहर करीब एक बजे मंदिर से कुछ दूरी पर स्थित सड़क पर एक बाइक से दो युवक आए। इनका एक अन्य साथी वहां पहले से मौजूद था। तीनों ने असलहे निकालकर भोलू पर ताबड़तोड़ तीन राउंड फायर किए। एक गोली सिर व दो गोलियां पीठ पर लगने से भोलू वहीं गिर पडे़। फायरिंग की आवाज सुनकर आसपास के लोग दौड़े तो तीनों हमलावर असलहे तानकर गोली मारने की धमकी देते हुए बाइक से भाग गये।
प्रधान प्रतिनिधि की हत्या की सूचना मिलते ही एसपी संतोष कुमार मिश्र, एएसपी शिवराज समेत चारों सर्किल के सीओ व चार थानों की फोर्स के साथ मौके पर पहुंच गये। पुलिस अफसरों ने परिवार के लोगों के साथ ही ग्रामीणों से पूरे मामले की जानकारी ली। फोरेंसिक टीम व डॉग स्क्वाएड बुलाकर भी पड़ताल करने के साथ ही साक्ष्य जुटाए गये।
भोलू के भाई राहुल ने पुलिस को बताया कि पूर्व ग्राम प्रधान से उनके परिवार की चुनावी रंजिश चल रही है। इसी के चलते पूर्व ग्राम प्रधान के बेटे विक्रम वर्मा उर्फ विक्की व बलजीत वर्मा ने गांव के ही अवधेश वर्मा के साथ मिलकर वारदात अंजाम दी है। मामले में भोलू सिंह की पत्नी दामिनी सिंह ने छपिया थाने में विक्रम वर्मा उर्फ विक्की, बलजीत वर्मा और अवधेश वर्मा के खिलाफ नामजद तहरीर दी है।
तहरीर में कहा कि जहां भंडारे की तैयारियां चल रही थीं, अवधेश वहां पहले से मौजूद था। उसकी मुखबिरी पर विक्रम वर्मा उर्फ विक्की व बलजीत वर्मा वहां पहुंचे। फिर तीनों ताबड़तोड़ फायरिंग करके भोलू की हत्या कर भाग गये। एसपी संतोष कुमार मिश्र ने बताया कि तहरीर के आधार पर हत्या का केस दर्ज करके आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें लगाई गईं हैं।
ग्राम प्रधान ईश्वरवती के चार बेटों में भोलू सिंह सबसे छोटा था। दो बेटे मोहन व रोशन दिल्ली में रहकर कारोबार करते हैं, जबकि राहुल व भोलू गांव में रहते थे। भोलू ही प्रधान के प्रतिनिधि के तौर पर मां का कामकाज संभाले था। उसकी हत्या से पत्नी दामिनी सिंह और मां ईश्वरवती समेत परिवार के अन्य लोगों का रो-रोकर बुरा हाल है। भोलू के दो बेटे रुद्र (3) व अखंड (1) हैं। मासूम बेटों के सिर से पिता का साया उठने से गांव के लोग भी दुखी हैं।
ताबेपुर के ग्राम प्रधान प्रतिनिधि भोलू सिंह की हत्या से परिजनों के साथ ही गांव के लोग भी आक्रोशित हो गये। पुलिस अधिकारी लोगों को समझाने की कोशिश कर रहे थे मगर ग्रामीण आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद ही पोस्टमार्टम कराने की मांग पर अड़े थे। ऐसे में पुलिस को शव नहीं उठाने दिया जा रहा था। हालांकि बाद में अधिकारियों के समझाने और आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी के आश्वासन पर ग्रामीण मान गये। इसके बाद शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया।