रुपईडीह (गोंडा)। ग्राम पंचायत में विभिन्न समस्याओं को लेकर ग्रामीणों ने मंगलवार को ब्लॉक मुख्यालय पर प्रदर्शन किया। खंड विकास अधिकारी व जिलाधिकारी को संबोधित शिकायती पत्र एडीओ पंचायत को सौंपा। अधूरे कार्यों को पूरा कराने तथा ग्राम पंचायत में हुए विकास कार्यों की जांच कराने की मांग की है।
ग्रामीणों ने बताया, विकास खंड रूपईडीह के ग्रामपंचायत उसरैना खास में बीच गांव में खड़ंजा अधूरा होने व उसके बगल में नाली न बनने से हमेशा जलभराव रहता है। जिससे लोगों को आवागमन में परेशानियों का सामना करना पड़ता है। ग्रामीण ननके प्रसाद, छोटे, अरुण कुमार, अनिल कुमार, मनीराम, मंसाराम, नेवले भल्लार, चुनमुन, दुर्गा, कांशीराम, शैलेंद्र कुमार, संतोष कुमार, विश्वनाथ, शैलेंद्र कुमार व श्यामू सहित कई लोगों ने ब्लॉक मुख्यालय कार्यालय के सामने प्रदर्शन किया।
खंड विकास अधिकारी एवं जिलाधिकारी को संबोधित एक ज्ञापन एडीओ पंचायत प्रीतम श्रीवास्तव को सौंपा। ग्राम पंचायत में अधूरे कामों को पूरा कराने तथा गांव में कराए गए विकास कार्यों को त्रिस्तरीय कमेटी गठित कर जांच कराकर कार्रवाई की मांग की है। संवाद