रूपईडीह(गोंडा)। छुट्टा जानवरों से परेशान पड़री कृपाल विकास खंड की ग्राम पंचायत मिश्रौलिया कानूनगो गांव के लोगों ने शनिवार को विरोध प्रदर्शन किया। लोगों ने छुट्टा जानवरों को बेसियाचैन ग्राम पंचायत में बने गोशाला में पहुंचाने की जिलाधिकारी से मांग की है।
पड़री कृपाल विकासखंड के ग्राम पंचायत मिश्रोलिया कानूनगो के फौजदार चौहान, रामशरण, राहुल, जगदीश, रामबहादुर, संतराम, बच्छराज, रामसेवक, अर्जुन, लाल बाबू, आशीष कुमार, सुखराम, सत्य राम, राम दयाल, रामेश्वर, शोभा राम, राम अनुज ने बताया कि ग्राम पंचायत में लगभग 85 छुट्टा जानवरों को पकड़ा गया है। जिन्हें एक बाग में बांधकर उन्हें चारा दिया जा रहा है।
ग्रामीणों ने बताया कि चिकित्सक को बुलाकर पशुओं का इलाज कराया जा रहा है, कई पशु कटीले तारों से घायल हैं। इनका इलाज पशु चिकित्सक कर रहे हैं। गांव के लोग मिलकर अपने खर्चे पर व्यवस्था कर रहे हैं। ग्रामीणों का कहना है कि उनके बगल के ग्राम पंचायत जो लगभग तीन किलोमीटर दूरी पर है ग्राम पंचायत बेसिया चैन में गोशाला बनी हुई है। लगभग 500 पशुओं को रखने की क्षमता है।
गोशाला में ज्यादा पशु नहीं हैं। यदि मवेशी ले जाया जाता है तो वहां के लोग पशुओं को अंदर नहीं लेते हैं, उल्टा झगड़ा करने को तैयार हो जाते हैं। ग्रामीणों ने शनिवार को छुट्टा जानवरों के साथ बगीचे में विरोध प्रदर्शन करते हुए छुट्टा जानवरों को ग्राम पंचायत बेसिया चैन में बनी गोशाला में भिजवाने की जिलाधिकारी से मांग की है। संवाद