फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

युवाओं के आंदोलन से ट्रेनों का संचालन बेपटरी

विज्ञापन
फोटो-11-गोंडा रेलवे स्टेशन पर ट्रेनों के इंतजार में बैठे यात्री। -संवाद - फोटो : GONDA
विज्ञापन
गोंडा। सेना भर्ती की अग्निपथ योजना के विरोध में देशभर में जारी धरना-प्रदर्शन के कारण ट्रेनों का संचालन पूरी तरह लड़खड़ा गया है। खासतौर पर बिहार से आने जाने वाली ट्रेनों के संचालन में घंटों देरी के कारण यात्रियों को मुसीबत उठानी पड़ रही है। बीते 10 से 11 घंटों से सैकड़ों की संख्या में लोग यात्री प्रतीक्षालय में ट्रेनों के इंतजार में परेशान हो पसीना बहा रहे हैं। दूसरी तरफ प्रशासन की तरफ से रेलवे स्टेशन की सुरक्षा व्यवस्था को और चाक चौबंद बना दिया गया है। शुक्रवार को पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार मिश्र ने स्वयं भारी पुलिस बल के साथ रेलवे स्टेशन का निरीक्षण कर सुरक्षा इंतजाम परखे।
विज्ञापन

सेना भर्ती में लागू अग्निपथ योजना से आक्रोशित युवा देशव्यापी स्तर पर इसके खिलाफ उग्र विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं। इसका सर्वाधिक प्रभाव बिहार राज्य में देखने को मिल रहा है। उपद्रवियों ने बिहार के कई रेलवे स्टेशनों पर आगजनी करने के साथ ही कई ट्रेनों में आग तक लगा दी है। इसके असर से ट्रेनों का संचालन पूरी तरह लड़खड़ा गया है। इससे पूर्वोत्तर रेलवे विभाग ने 34 ट्रेनों को निरस्त करने के साथ ही कई ट्रेनों के मार्ग में भी परिवर्तन किया है। इसके चलते कई ट्रेनें 10 से 12 घंटा विलंब से चल रही हैं। रेलवे ने बिहार जाने वाली ट्रेनों को कई स्टेशनों पर रोक रखा है। इसके चलते ही गोंडा रेलवे स्टेशन पर काठगोदाम से हावड़ा जाने वाली बाघ एक्सप्रेस दो घंटे , बांद्रा से बरौनी जाने वाली एक्सप्रेस गोंडा कचहरी स्टेशन पर पांच घंटे, लखनऊ से पाटलिपुत्र जाने वाली ट्रेन एक घंटा, अहमदाबाद से बरौनी एक्सप्रेस को दो घंटे रोकने के बाद रवाना किया गया। इसी तरह बिहार से आने वाली बरौनी एक्सप्रेस दो घंटा, दरभंगा एक्सप्रेस तीन घंटा, आम्रपाली एक्सप्रेस तीन घंटा विलंब से चल रही है। इससे यात्रियों को परेशान होना पड़ रहा है।
एसपी ने परखी स्टेशन की सुरक्षा
रेलवे स्टेशन व आसपास क्षेत्रों में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था हो इसके मद्देनजर पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार मिश्र ने दलबल के साथ गोंडा रेलवे स्टेशन का निरीक्षण किया। उन्होंने आरपीएफ व जीआरपी के कोतवाल को आपस में समन्वय बनाकर कड़ी नजर रखने का निर्देश दिया। पुलिस अधीक्षक ने उप स्टेशन अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर प्लेटफार्म पर खान-पान बेचने वाले वेंडरों को भी सतर्क रहने का निर्देश दिया है। एसपी ने यात्रियों से बात कर सतर्कता बरतने को कहा।
विज्ञापन

युवाओं के विरोध से यात्रियों को परेशानी
भीषण गर्मी में गंतव्य तक पहुंचने के लिए स्टेशन पर अटके यात्रियों में शामिल मोबीन व विजय यादव का कहना है कि इस आंदोलन से आम यात्रियों व उनके परिवारजनों को काफी परेशानी उठानी पड़ रही है। प्रदर्शनकारियों को अपना गुस्सा ट्रेनों पर नहीं दिखाना चाहिए। इससे आम लोगों की परेशानी बढ़ जाती है। यात्री आशुतोष का कहना है कि बिहार में ट्रेनों में आगजनी के कारण उन जैसे गरीब तबके के मजदूरों को बहुत परेशानी का सामना करना पड़ा है। अब समय से अपने काम पर नहीं पहुंच पाने के कारण पूरे परिवार के भरण पोषण पर संकट मंडराने लगा है।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें