पसका। बीआरसी परसपुर में शुक्रवार को आयोजित ब्लॉक स्तरीय गणित ओलंपियाड परीक्षा में प्रभाकर मिश्र ने 39 अंक प्राप्त कर टॉप किया। कंपोजिट विद्यालय पुरैना की शिवांशी सिंह ने 28 अंक के साथ दूसरा तथा कंपोजिट स्कूल बैसन पुरवा के विवेक तिवारी ने 27 अंक प्राप्त कर तीसरा स्थान हासिल किया।
बीईओ सुशील कुमार सिंह ने बताया कि छात्र-छात्राओं में गणित के प्रति रुचि बढ़ाने, उनकी तार्किक क्षमता व समस्या समाधान कौशल को विकसित करने के लिए विभाग द्वारा गणित ओलंपियाड प्रतियोगिता आयोजित की जाती है। शुक्रवार को आयोजित इस परीक्षा में 157 छात्र-छात्राओं ने भाग लिया।
बीईओ के अनुसार, अन्य छात्रों में कंपोजिट स्कूल अभईपुर के पीयूष शुक्ल 25 अंक, उच्च प्राथमिक विद्यालय त्यौरासी की खुशी शुक्ल और कंपोजिट विद्यालय मधईपुर कुर्मी के सचिन तिवारी 22-22 अंक, उच्च प्राथमिक विद्यालय त्यौरासी की अनामिका पांडेय 20 अंक और कंपोजिट विद्यालय बक्सैला, बैसन पुरवा के शिवा मौर्य तथा कंपोजिट विद्यालय मलांव के अर्जित गुप्ता 19-19 अंक प्राप्त कर टॉप टेन में शामिल हुए।
बीईओ ने बताया कि टॉप टेन छात्र-छात्राओं को आगामी दिनों में होने वाली जनपद स्तरीय गणित ओलंपियाड परीक्षा में ब्लॉक का प्रतिनिधित्व करने का मौका मिलेगा। प्रथम 10 छात्रों को प्रमाणपत्र और मैथ किट देकर सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर अशोक कुमार पांडेय, मनोज चतुर्वेदी, सतेंद्र मिश्र, आशीष सिंह, वीरेंद्र प्रताप सिंह, श्यामसुंदर पांडेय, कृष्णकुमार तिवारी, उपेंद्र सिंह, अजय यादव, राहुल सिंह आदि मौजूद रहे।