गोंडा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के सड़कों को गड्ढामुक्त बनाने के निर्देश को सात दिन बीत चुके हैं, लेकिन अभी तक मुख्य मार्गों के ही गड्ढों को अभियंता नहीं भरवा सके हैं। ग्रामीण क्षेत्रों में हालत और भी बदतर है। वहीं विभागीय अधिकारी बजट का रोना रो रहे हैं। दुर्गा पूजा व दशहरा में लोगों को सहूलियत देने के उद्देश्य से चलाया गया गड्ढामुक्ति अभियान यहां छलावा साबित हो रहा है।
अयोध्या हाईवे पर नवाबगंज थाना क्षेत्र के कटरा टिकरी मोड़ के पास सड़क पर बड़े-बड़े गड्ढे दुर्घटना को दावत दे रहे हैं। पूरी सड़क गड्ढों में तब्दील हो गई है लेकिन जिम्मेदार इन गड्ढों से बेखबर हैं। आए दिन लोग इन गड्ढों में गिरकर चोटिल हो रहे हैं। गोंडा, बहराइच, बलरामपुर व उतरौला से आने वाले वाहन इन गड्ढों में हिचकोले खाते सफर कर रहे हैं। बहराइच-गोंडा-बलरामपुर-उतरौला से होते हुए बस्ती-अयोध्या-लखनऊ-गोरखपुर को जोड़ने वाली इस महत्वपूर्ण सड़क की मरम्मत के प्रति अधिकारी उदासीन हैं।
मुजेहना संवादसूत्र के अनुसार गोंडा-उतरौला मार्ग पर भी गड्ढे ही गड्ढे हैं। बावजूद इसके विभागीय अभियंता मरम्मत नहीं करा रहे हैं। शहर से सटे क्षेत्रों की भी सड़कें क्षतिग्रस्त हैं, लेकिन गड्ढामुक्ति अभियान का असर कहीं दिखाई नहीं पड़ रहा है।
पीडब्ल्यूडी के अधीक्षण अभियंता लालजी ने बताया कि जरूरत के हिसाब से बजट नहीं मिला है, जिससे सड़कों के गड्ढे भरे में जाने में दिक्कतें आ रही हैं। डिमांड भेजी गई है। बजट आने पर ही मरम्मत कराएंगे।