गोंडा। जिले में चोरी की घटनाओं से आमजन के साथ पुलिस भी परेशान हो चुकी है। शाम से रात तक जगह-जगह से ड्रोन उड़ने की सूचनाएं मिल रही है। लाठी-डंडे लेकर ग्रामीण सड़कों पर रात-रात भर पहरा दे रहे हैं।
एसपी विनीत जायसवाल ने बताया कि सभी राजपत्रित पुलिस अधिकारियों ने रविवार की रात अपने-अपने सर्किल क्षेत्रों तथा प्रभारी निरीक्षक, थानाध्यक्षों,चौकी, हल्का प्रभारियों ने रात्रि गश्त की। इस दौरान संदिग्ध व्यक्तियों एवं वाहनों की गहनता से चेकिंग की गई। बताया कि सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर भी सतत निगरानी रखी जा रही है, ताकि किसी भी प्रकार की अफवाह या भ्रामक सूचना का समय रहते निराकरण किया जा सके।
टिकरी संवाद के अनुसार, नवाबगंज के कोल्हमपुर अकबरपुर निवासी राधिका मौर्य ने आरोप लगाया कि सोमवार को सुबह करीब 9:45 बजे खेत से घर लौट रहीं थी। एक अज्ञात व्यक्ति ने बाल पकड़ कर गिरा दिया। इसके बाद कुछ सुंघा दिया। इससे वह बेसुध हो गईं। कान की झुमकी, गले से मंगलसूत्र और पैर से पायल लूट ले गए। सीओ उमेश्वर प्रभात सिंह समेत पुलिस कर्मियों ने जानकारी ली है।
टिकरी संवाद के अनुसार, सरयूघाट चौकी क्षेत्र के सिंघापुरवा निवासी मंजू मौर्य ने बताया कि रविवार सुबह आठ बजे खेत में घास काटने के लिए गईं थी। करीब 10 बजे तीन अज्ञात बदमाश खेत में पहुंच गए। उसे भी नशीला पदार्थ सुंघाकर बेहोश कर दिया। इसके बाद मंगलसूत्र, बिछिया, पायल व नथुनी लूट ले गए। सीओ उमेश्वर प्रभात सिंह ने बताया कि मामले की जांच पड़ताल की गई है।
उमरी बेगमगंज संवाद के अनुसार, उमरीबेगमगंज के डिक्सिर दोहरीजीत निवासी शक्ति सिंह ने बताया कि शनिवार रात करीब दो बजे चोर घर में घुस आए। इसे बाद पांच सोने की अंगूठी, मंगलसूत्र, लॉकेट, सोने का झाला और चार हजार रुपये की नकदी उठा ले गए। पीड़ित के घर पहुंचकर क्षेत्रीय विधायक प्रेम नारायन पांडेय और ब्लॉक प्रमुख राजेंद्र प्रताप सिंह गुड्डू ने कार्रवाई का भरोसा दिया है। इंस्पेक्टर नरेंद्र प्रताप राय ने बताया कि तहरीर मिली है।
छह चोर गिरफ्तार, चोरी का माल बरामद
मनकापुर संवाद के अनुसार, पुलिस ने आईटीआई मोड़ के पास से रविवार को महेवा नानकार निवासी विष्णु यादव और चौबेपुर निवासी अलखराम उर्फ सुत्तन यादव को गिरफ्तार कर पांच चोरी की बाइकें बरामद किया है। इंस्पेक्टर निर्भय नारायण सिंह ने बताया कि महेवा नानकार गांव से चोरी की बाइक छिपा रखी थी। मोतीगंज संवाद के अनुसार, इलाके के नौबरा आरोग्य मंदिर में चोरी के आरोपों में सुहेलवा नौबरा निवासी गदोई उर्फ संतराम को गिरफ्तार किया गया है। इंस्पेक्टर अरविंद कुमार यादव का कहना है कि चोरी का माल बरामद किया गया है।