पुलिस ने शनिवार को कालाबाजारी में बिकने आया 25 क्विंटल अनाज पकड़ लिया। पुलिस ने अनाज लदी पिकअप व उसके चालक को कब्जे में ले लिया है। पुलिस ने मामले की रिपोर्ट एसडीएम व क्षेत्रीय पूर्ति निरीक्षक को भेजी है। इस मामले में एसडीएम तरबगंज का कहना है कि अनाज की जांच करने के लिए पूर्ति विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिया है। दोषियों पर कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस के कंट्रोल रूम 100 नंबर पर कुछ लोगों ने फोन कर जानकारी दी थी कि क्षेत्र के चर्चित अनाज माफिया ने सरकारी अनाज के चावल को सरकारी बोरी बदलकर खाद की बोरी में भरकर करीब 25 क्विंटल चावल को कालाबाजारी में बेचने के लिए भेजा है।
25 क्विंटल चावल कालाबाजारी में बिकने के लिए कोल्हमपुर बाजार में एक बड़े गल्ला व्यापारी की दुकान पर भेजा गया था। जिला पुलिस कंट्रोल रूम के निर्देश पर नवाबगंज पुलिस ने क्षेत्र के कोल्हमपुर बाजार में 50 बोरा चावल लदी पिकअप को चालक समेत दबोच लिया।
पुलिस चालक समेत पिकअप को कब्जे में लेकर थाने ले आई। क्षेत्र के दरोगा पुजारी यादव ने मामले में चालक से पूछताछ की। इसके बाद नवाबगंज पुलिस ने अनाज सरकारी है या गैर सरकारी, इसकी जांच के लिए एसडीएम तरबगंज व क्षेत्रीय पूर्ति निरीक्षक को रिपोर्ट भेजी है।
क्षेत्रीय पूर्ति निरीक्षक तरबगंज गोंडा अशोक कुमार ने कहा कि नवाबगंज क्षेत्र के कोल्हमपुर बाजार में एक पिकअप पर 50 बोरा चावल पकड़े जाने की सूचना पुलिस ने दी है। पकड़ा गया अनाज मय वाहन चालक पुलिस की कस्टडी में है। इसकी जांच की जाएगी। तब पता चलेगा कि अनाज कैसा है। इस मामले की जानकारी उप जिलाधिकारी को दे दी गई है।
एसडीएम तरबगंज राम सजीवन मौर्या ने कहा कि नवाबगंज क्षेत्र में 50 बोरा अनाज पकड़े जाने की सूचना मिली है। अनाज पुलिस की सुपुर्दगी में है। अनाज की जांच के लिए क्षेत्रीय पूर्ति निरीक्षक को निर्देश दिया गया है। सरकारी अनाज होने पर दोषियों पर एफआईआर दर्ज कराई जाएगी।