गोंडा। मकर संक्रांति, हजरत मोहम्मद अली की जयंती, उत्तर प्रदेश के स्थापना दिवस, गणतंत्र दिवस, महाशिवरात्रि और होली आदि पर्वों के मद्देनजर शासन ने सतर्कता बढ़ाने के आदेश दिए हैं। इसके तहत देवीपाटन मंडल के चारों जिलों के तहसील मुख्यालयों पर कंट्रोल रूम स्थापित किया गया है।
मंडलायुक्त शशिभूषण लाल सुशील ने अधिकारियों को निर्देश दिया है कि संवेदनशील क्षेत्रों की लगातार निगरानी की जाए। कंट्रोल रूम में क्षेत्रीय अधिकारियों, ग्राम पंचायतकर्मियों, स्वास्थ्यकर्मियों और पुलिसकर्मियों की तैनाती सुनिश्चित की जाए, ताकि किसी भी आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई हो सके। इसके साथ ही असामाजिक तत्वों और अफवाह फैलाने वालों पर कड़ी निगरानी रखने के लिए सोशल मीडिया की लगातार मॉनिटरिंग के निर्देश भी दिए हैं।
उन्होंने कहा कि सभी अधिकारी अपने कार्यक्षेत्र में रात्रि निवास सुनिश्चित करें और उनकी उपस्थिति का औचक निरीक्षण किया जाए।
अस्पतालों में हो पर्याप्त प्रबंध
कमिश्नर ने बिजली, पेयजल, साफ-सफाई, यातायात और सुरक्षा व्यवस्था पुख्ता रखने का निर्देश दिया है। किसी भी मेला स्थल या सार्वजनिक स्थान पर शस्त्र प्रदर्शन पूरी तरह से प्रतिबंधित रहेगा। उन्होंने जिला प्रशासन से यह सुनिश्चित करने को कहा कि सभी सरकारी अस्पतालों में डॉक्टरों व पैरामेडिकल स्टाफ की ड्यूटी 24 घंटे के लिए लगाई जाए और एंबुलेंस अलर्ट मोड में रहें।