गोंडा। कोरोना के फैलाव को रोकने के लिए शहर से लेकर गांवों तक जागरूकता मुहिम तेज हो गई है। डीएम, एसपी व अन्य प्रशासनिक अफसराें ने जिले के लोगों को जागरूक करते हुए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की अपील पर रविवार को जनता कर्फ्यू का सभी को सहयोग देने की गुजारिश की है। अब कोरोना को देंगे मात... रविवार को अपने घर में रहेंगे परिवार के साथ। नारों की गूंज रही, बड़ी संख्या में लोग सोशल मीडिया से एक दूसरे से रविवार को घर से न निकलने की अपील करते दिखे। छुट्टी के बावजूद बेसिक शिक्षा के परिषदीय स्कूलों के शिक्षकों ने स्कूलों में पोस्टर लगाकर लोगों को जागरूक किया और कहा कि अपने लिए एक दिन अपनों को दें।
कोरोना से भले ही अभी जिले में कोई व्यक्ति संदिग्ध भर्ती नही हुआ है, लेकिन लोग कोरोना के फैलाव की आशंका से उलझन में हैं। बीते 20 दिनों से जिले में अलग-अलग तरीकों से लोगों को जागरूक तो किया ही जा रही है, सरकारी व्यवस्था को बेहतर बनाया जा रहा है। कम लोग ही एक साथ खड़े हों और बैठें इसके लिए कई संस्थानों को बंद कर दिया गया है।
इसी बीच कोरोना के विरुद्ध जंग छेड़ते हुए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की अपील पर रविवार को लोगों को 14 घंटे घरों में रहना है। इसके लिए अपने स्तर से हर संवेदनशील व्यक्ति एक दूसरे को जानकारी दे रहा है। छपिया के खजुरी गांव में शनिवार को विशिष्ट बीटीसी शिक्षक बेलफेयर एसोसिएशन के अध्यक्ष संदीप सिंह ने स्कूलों में पोस्ट लगाकर लोगों को कोरोना से बचाव के टिप्स बताए।
दलजीत सिंह, यूटा के अध्यक्ष मनोज सिंह, विजय विक्रम सिंह, एएनएम मिथलेश सिंह, हर्षवर्धन सिंह, विनय प्रताप सिंह, गिरीश पाल सिंह, आकश सिंह, डिंपल सिंह, रवि सिंह, अभिनव सिंह आदि ने लोगों को बताया कि कोरोना से डरने की जरूरत नही हैं, संयम के साथ रविवार को घर में रहिए और स्वच्छत रहिए। बार-बार साबुन से हाथ धोएं, अनावश्यक बाहर न निकलें न ही भीड़ वाले स्थानों पर रहें। अपने आप कोरोना को हरा दिया जाएगा।
इसी तरह वजीरगंज के लोढ़ियाघाटा पूर्व माध्यमिक स्कूल के शिक्षकों ने लोगों को जागरूक किया। विकास खंड वजीरगंज में कोरोना वायरस से बचाव के लिए जानकारी व बचाव हेतु बाबा मठिया गांव में जागरूकता अभियान चलाया गया। जिसमें लोगों को पोस्टर व हैंड बिल बांटकर इससे बचने के उपाय बताए गए, साथ ही हैंडवाश भी बांटा गया। जिससे अपने आप को स्वच्छ रखकर स्वस्थ रखा जा सकता है, इस पर घर घर जाकर सार्वजनिक स्थानों पर पोस्टर चस्पा किए गए। इस अभियान में एसआरजी विनीता कुशवाहा, बाबा मठिया विद्यालय के स्टॉफ सुनील कुमार आनंद समन्वयक भाभा विज्ञान क्लब गोंडा, रमेश कुमार, अनिल कौशल, ग्रीट गोंडा के अध्यक्ष राम मनोहर मौर्य, शिव प्रसाद संरक्षक शान्ती फाउंडेशन व ग्रामीण उपस्थित रहे।
कोरोना से बचाव को चलाया जागरूकता अभियान
गोंडा। जिले के भदुआ तरहर व भगहर बुलंद गांव में जाकर ग्रामीणों को कोरोना वायरस से निपटने के सुझाव व जन जागरूकता कार्यक्रम चलाया शहर के चिकित्सा आयाम प्रांत सह संयोजक डॉ. प्रभाकर पांडेय ने अपनी जिम्मेदारी उठाई है। गांव में जाकर अधिक से अधिक ग्रामीणों को जागरूक कर उससे बचने का सुझाव देते हुए बचाव के लिए सेनेटाइजर व मास्क वितरित करने का काम करेंगें। डॉ. पांडेय का कहना है कि शहर में रहने वाले लोग पढ़े लिखे होते हैं जिनको टी.वी, सोशल मीडिया जैसे विभिन्न माध्यमों से जानकारी मिलती रहती है, ग्रामीण क्षेत्र में रहने वाले लोगों को सही समय पर जानकारी प्राप्त नही हो पाती है। इसलिए ग्रामीणों को इस खतरनाक महामारी बीमारी से बचने के सुझाव का बीड़ा उठाया है क्योंकि हर व्यक्ति का जीवन महत्वपूर्ण है। इस अवसर पर रंजीत तिवारी उर्फ मेजर, संजय बाजपेई आदि तमाम ग्रामवासी मौजूद रहे।
जनहित के लिए घर से न निकलें
कोरोना से किसी को डरने की जरूरत नही है। जरूरत है खुद को संयमित रखने की। सभी से अपील है कि देश हित और जनहित के लिए घर से न निकलें। प्रशासन हर संभव प्रयास कर रहा है और आईसोलेशन वार्ड तैयार किया गया है, जांच भी की जा रही है। हर स्थिति पर कड़ी नजर रखी जा रही है। जनता से अपील है कि सहयोग दे और खुद को स्वच्छ व सयंमित रखे। - महेन्द्र कुमार, आयुक्त
पीएम की अपील को बनाएं सफल
कोरोना से लोगों को सुरक्षित रखने के लिए हर संभव प्रयास हो रहा है। थाने की पुुलिस भी लोगों को जागरूक कर रही है। जनता को अब एकता दिखाकर रविवार को घर में रहना है। लोग स्वच्छता के साथ ही खुद के लिए आगे आएं और प्रधानमंत्री जी की अपील पर जनता कर्फ्यू को सफल बनाकर संदेश दें कि कोरोना को हरा रहे हैं।
- डॉ. राकेश सिंह, पुलिस उपमहानिरीक्षक
घबराने की जरूरत नहीं
कोरोना से घबराने की जरूरत नही हैं, आम लोगों के स्वास्थ्य के लिए हर संभव प्रयास किया जा रहा है। जिला अस्पताल में सभी सुविधाएं की गई हैं, लेकिन सबसे जरुरी है कि लोग खुद को संयमित रखें। घर से अनावश्यक न निकलें। विशेष तौर पर बुजुर्ग व बच्चे विशेष सर्तकता बरतें। रविवार को बिल्कुल घर से न निकलें और कोरोना के विरुद्व अभियान को सफल बनाएं। साबुन से हाथ बार-बार धोएं और एक दूसरे से प्रर्याप्त दूरी बनाए रखें। हाथों से मुहं, नाक, आंख को न छूने से बचें। साफ- सफाई रखें। कोरोना से बचाव के लिए सभी एक साथ हों और एक दूसरे को जागरुक करते रहें।
-डॉ. नितिन बसंल, जिलाधिकारी
प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद
कोरोना से बचाव के लिए प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है और लोग भी काफी जागरूक हैं। सभी को सावधानी बरतने की जरूरत है। सफाई के साथ ही बेवजह भीड़ न करें और अफवाहों पर ध्यान न दें। हाथ को साफ करें व हाथ मिलाने व बेवजह लोगों के करीब जाकर बातचीत करने से बचें। रविवार को कोरोना के विरुद्ध अभियान के सहयोगी बनकर मुहिम को सफल बनाएं।
- राजकरन नय्यर, पुलिस अधीक्षक
खुद को संयमित रखें
स्वच्छता और संयम के साथ ही सतर्कता से रहें। रविवार को प्रधानमंत्री की अपील को सफल बनाकर कोरोना को रोकने में सहयोग दें। कोरोना से डरने की जरूरत नहीं है यह एक वैश्विक महामारी है, इसे अपने दिनचर्या में बदलाव लाकर और संयमित रखकर खत्म किया जा सकता है। इसके लिए सभी को आगे आना चाहिए। प्रशासन पूरी तरह जनहित के लिए तैयार है।
-शशांक त्रिपाठी, सीडीओ
अस्पतालों की सफाई पर विशेष ध्यान
स्वास्थ्य विभाग कोरोना से लोगों को सुरक्षित रखने के लिए पूरी तरह तैयार है। अस्पतालों की सफाई पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। हर सूचना पर फौरी कार्रवाई की जा रही है और लोगों को जागरूक करने के लिए एएनएम के साथ ही आशा कार्यकर्ता जागरूक कर रही हैं। लोग अनावश्यक घर से निकलें और स्वच्छता रखें।
-डॉ. मधु गैरोला, सीएमओ