गोंडा। उतरौला रोड स्थित जवाहर लाल नेहरू स्टेडियम में मंगलवार को सब जूनियर बालिका हैंडबॉल प्रतियोगिता के लिए ट्रायल का आयोजन किया गया। इसमें खिलाड़ियों ने बेहतर प्रदर्शन करते हुए मंडलीय ट्रायल के लिए क्वालीफाई किया।
25 से 28 अक्तूबर तक अयोध्या में होने वाली राज्य स्तरीय सब जूनियर बालिका हैंडबाॅल प्रतियोगिता में देवीपाटन मंडल की टीम शामिल होगी। इसके लिए मंगलवार को जनपदीय ट्रायल का आयोजन किया गया। इसमें शामिल होने के लिए बालिकाएं सुबह ही स्टेडियम पहुंच गईं। प्रशिक्षकों की मौजूदगी में प्रतियोगिता कराई गई। उप क्रीड़ाधिकारी अशोक सोनकर ने बताया कि जिला स्तरीय ट्रायल संपन्न हो गया है। जिसमें आफरीन बानो, ममता पांडेय, चंचल तिवारी, छाया पटवा, अनीषा शुक्ला, सुधा मिश्रा, रेनू, साक्षी, रोशनी, नंदिनी, लक्ष्मी तिवारी व काजल चयनित हुई हैं। बुधवार को मंडल स्तरीय ट्रायल में भी खिलाड़ियों का चयन होगा।
इनसेट
सौ मीटर दौड़ में पल्लवी व रवि अव्वल
करनैलगंज (गोंडा)। क्षेत्र के ग्राम कटरा शहबाजपुर में न्याय पंचायत स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ के ब्लॉक अध्यक्ष देवेंद्र कुमार सिंह ने फीता काटकर उद्घाटन किया। प्राथमिक संवर्ग के 100 मीटर बालिका वर्ग में प्राथमिक विद्यालय कटरा शहबाजपुर की पल्लवी गुप्ता को प्रथम, प्राथमिक विद्यालय अल्लीपुर की खुशी को द्वितीय स्थान मिला। 100 मीटर बालक वर्ग में प्राथमिक विद्यालय खजुरिया डीह के रवि अवस्थी विजेता रहे। 50 मीटर बालिका वर्ग में प्राथमिक विद्यालय धौरहरा की ज्योति यादव प्रथम रहीं। जूनियर वर्ग बालिका की 100 मीटर दौड़ में जूनियर हाईस्कूल खजुरिया डीह की मोहिनी पांडेय विजेता रहीं। इस दौरान संकुल शिक्षक बृजेश यादव, मान सिंह, रवि प्रताप सिंह, राम नारायण पांडेय, भालेंदु कुमार सिंह, आनंद कुमार उपस्थित रहे। (संवाद)