गोंडा। पंडित दीन दयाल उपाध्याय की जयंती के अवसर पर जिले के सभी 16 विकास खंडों के मुख्यालयों पर गरीब कल्याण मेला आयोजित किया गया। विकासखण्ड कटरा बाजार में सांसद कैसरगंज बृजभूषण शरण सिंह व डीएम मार्कंडेय शाही ने मेले का शुभारंभ किया।
उन्होंने पं. दीनदयाल उपाध्याय की प्रतिमा का अनावरण किया। प्रदेश के कैबिनेट मंत्री समाज कल्याण रमापति शास्त्री ने विकासखण्ड नवाबगंज में, विधायक तरबगंज प्रेम नरायन पांडेय ने बेलसर व तरबगंज, विधायक सदर प्रतीक भूषण सिंह ने विकासखण्ड झंझरी तथा पण्डरी कृपाल, विधायक कटरा बाजार बावन सिंह ने हलधरमऊ, विधायक गौरा प्रभात वर्मा ने विकासखण्ड बभनजोत व छपिया में गरीब कल्याण मेले का शुभारम्भ किया।
जिलाधिकारी मार्कण्डेय शाही ने कहा कि गरीब कल्याण मेले के माध्यम से राज्य सरकार द्वारा संचालित विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं से पात्र व्यक्तियों को योजनाओं का लाभ दिया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि कृषि विभाग की ओर से सभी प्रकार के ऋण वितरण, कृषि संयंत्रों के वितरण भी किया गया। प्रधानमंत्री आवास योजना, मुख्यमंत्री आवास योजना, शौचालय, स्वच्छ पेयजल तथा उज्ज्वला योजना के अंतर्गत गैस कनेक्शन तथा जनसामान्य को उपलब्ध कराये जाने वाली अन्य कल्याणकारी कार्यक्रमों का आयोजन भी किया गया।
समाज कल्याण मंत्री रमापति शास्त्री ने कहा कि सरकार द्वारा समाज अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति के विकास व उत्थान के लिए पं0 दीन दयाल जी के आदर्शों पर चल रही है। विधायक गौरा प्रभात वर्मा ने कहा कि सड़कों का जाल, विद्युत व्यवस्था, स्वास्थ्य सेवाओं का उच्चीकरण जैसे तमाम कार्य कराए गए हैं। विधायक कटरा बाजार बावन सिंह ने पंडित दीन दयाल उपाध्याय को नमन करते हुये कहा कि शासन की सभी कल्याणकारी योजनाओं का लाभ जन सामान्य तक पहुँचाकर ही हम सर्वांगीण विकास को अवतरित कर सकते हैं।
विधायक सदर प्रतीक भूषण सिंह ने कहा कि गरीब मेला द्वारा एक ही छत के नीचे सरकार के सभी कल्याणकारी योजनाओं के बारे में जानकारी और सुविधा प्राप्त करना एक सराहनीय प्रयास है।