गोंडा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के बुधवार को गोंडा आगमन पर आने वाली भीड़ को नियंत्रित करने के लिए पुलिस प्रशासन ने शहर के हर मार्ग पर पार्किंग स्थल बनाएं हैं। जहां रूट के हिसाब से वाहनों की पार्किंग कराई जाएगी। यातायात व्यवस्था के लिए जगह-जगह पुलिस की तैैनाती की गई है।
मंगलवार कोे पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार मिश्रा ने बताया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के आगमन पर भीड़ को नियंत्रित करने के लिए वाहनों के रूट व पार्किंग का निर्धारण किया गया है।
बताया कि सभी दो पहिया व छोटे चार पहिया वाहनों को एलबीएस चौराहे के पास अदम गोड़वी मैदान में, अंबेडकर चौराहे के पास गायत्री मंदिर के सामने मैदान तथा सदरुद्दीन बाबा मजार के समीप महादेवा क्रासिंग के बगल में पार्किंग की व्यवस्था की गई है।
यहां पर दो पहिया व छोटे वाहन पार्क किया जाएंगे। इसके साथ लखनऊ रोड की तरफ से रैली में आने वाली सभी बसे अंबेडकर चौराहे पर कार्यकर्ताओं को उतारकर पुन: लखनऊ रोड पर वापस पोर्टरगंज से आगे महेन्द्रा तथा हीरो शो रूम के सामने बने पार्किंग स्थल में पार्क की जाएंगी।
इसी तरह तरबगंज, फैजाबाद रोड तथा उतरौला रोड़ की ओर से आने वाली सभी बसे सद्भावना तिराहा से बड़गांव चौराहा होते हुए मिश्रौलिया चौराहा वाया डीजल डिपो के रास्ते अंबेडकर चौराहे पर रैली में आने वाले लोगों को उतारकर लखनऊ रोड पर पोर्टरगंज से आगे महेन्द्रा तथा हीरो शो रूम के सामने बने पार्किंग स्थल में अपने वाहन खड़ा कर सकेंगे।
बलरामपुर की ओर से आने वाली बसें बड़गांव चौराहा होते हुए मिश्रौलिया चौराहा वाया डीजल डिपो के रास्ते अंबेडकर चौराहे पर लोगों को उतारकर लखनऊ रोड पर पोर्टरगंज से आगे महेन्द्रा तथा हीरो शो रूम के सामने बने पार्किंग स्थल में पार्क होंगी।
बहराइच की ओर से रैली में आने वाली बसें मिश्रौलिया चौराहा वाया डीजल डिपो के रास्ते अंबेडकर चौराहे पर लोगों को उतारकर लखनऊ रोड पर पोर्टरगंज से आगे महेंद्रा व हीरो शो रूम के सामने बने पार्किंग स्थल में अपने वाहन खड़े करेंगे। एसपी ने बताया कि यातायात व्यवस्था के लिए शहर के चारों ओर जगह-जगह पुलिस फोर्स की ड्यूटी लगाई गई है।