गोंडा। नगर क्षेत्र में भ्रमण के दौरान शनिवार को डीआईजी के सामने महराजगंज चौकी प्रभारी बिना हेलमेट बाइक से पहुंच गए। इस पार नाराज डीआईजी ने सीओ को कार्रवाई के निर्देश दे दिए। रविवार को सीओ सिटी ने उनकी बाइक का चालान कर दिया।
दरअसल, बीते शनिवार को देवीपाटन रेंज के डीआईजी अमित पाठक सदर तहसील में समाधान दिवस पर सुनवाई करने के बाद नगर क्षेत्र में भ्रमण कर रहे थे। इस दौरान चौकी प्रभारी दिनेश राय बिना हेलमेट लगाए बाइक से पहुंचे तो डीआईजी ने सीओ को कार्रवाई के निर्देश दे दिए। इसके बाद सीओ सिटी आनंद राय ने चौकी प्रभारी की बाइक का चालान कर दिया।
सोमवार को डीआईजी के आदेश पर कटरा बाजार और वजीरगंज समेत अन्य थाना क्षेत्रों में पुलिस ने चेकिंग अभियान चलाया। कटरा बाजार इंस्पेक्टर राजेश सिंह ने बताया कि आठ वाहनों का चालान किया। वहीं, वजीरगंज पुलिस ने 129 वाहनों को चालान किया। (संवाद)