गोंडा। राज्य निर्वाचन आयोग की ओर से भेजी गई 3.63 लाख डुप्लीकेट मतदाताओं की सूची में से सिर्फ 10 हजार का सत्यापन व फीडिंग हो सका है। इसमें अभी तक सिर्फ 150 डुप्लीकेट मतदाताओं को डिलीट किया जा चुका है।
अधिकारियों ने बताया कि पंचायत की सूची में पंजीकृत डुप्लीकेट वोटरों का घर-घर जाकर सत्यापन किया जाना है। इसके बाद डुप्लीकेट मतदाता सूची से बाहर किए जा सकेंगे। अभी तक सदर तहसील में सबसे कम 1.12 लाख डुप्लीकेट मतदाताओं में सिर्फ 15 सौ की फीडिंग हो सकी। इसके साथ मनकापुर के 75 हजार डुप्लीकेट मतदाताओं में दो हजार, तरबगंज में 80 हजार डुप्लीकेट मतदाताओं में से 2500 और करनैलगंज के 90 हजार डुप्लीकेट मतदाताओं में सबसे अधिक सिर्फ चार हजार मतदाताओं की ही फीडिंग की गई। एडीएम आलोक कुमार ने बताया कि डुप्लीकेट मतदाताओं के सत्यापन व फीडिंग के लिए 20 नवंबर तक का समय दिया गया।
जिले में पंचायत चुनाव कराने के लिए बुधवार को बैलेट पेपर लेने के लिए चकबंदी बंदोबस्त अधिकारी देवेंद्र सिंह की अगुवाई में टीम दिल्ली के लिए रवाना हो गई। कुल 360 बक्सों में बैलेट पेपर आएगा। बैलेट पेपर की सुरक्षा के लिए छह पुलिस कर्मियों को भी भेजा गया। सुबह को तीन ट्रक विकास भवन परिसर से बक्से के साथ रवाना किया गया। एक बस में कर्मचारी और जीप में अधिकारी रवाना किए गए।